Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल CM पर कसा तंज, बोले – ममता बनर्जी में कोई ममता नहीं

April 17, 2025

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल CM पर कसा तंज, बोले – ममता बनर्जी में कोई ममता नहीं

नेशनल डेस्क : पश्चिम बंगाल में वक्फ कानून की आड़ में भड़की हिंसा और हिंदुओं के पलायन को लेकर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कटाक्ष करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम ही ममता है, उनमें कोई ममता नहीं है, क्रूरता है। पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जो कुछ हो रहा है, उसके सारे कारण की जड़ ममता बनर्जी हैं।

वे तुष्टिकरण की नीति के तहत बिल्कुल ही सत्ता और वोट की खातिर यह जघन्य अपराध कर रही हैं। वहां जो हो रहा है, वह ममता बनर्जी के कारण हो रहा है। पटना में महागठबंधन की बैठक को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि यह घमंडिया अलायंस की बैठक है और वहां राजद नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस में जोरदार टकराव है।

भारत के टुकड़े-टुकड़े गैंग के सरदार

बैठक में तेजस्वी यादव जहां घोर भ्रष्टाचारी और परिवारवादी विचारों का नेतृत्व कर रहे हैं, वहीं कन्हैया कुमार, जिसे कांग्रेस आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है, वह भारत के टुकड़े-टुकड़े गैंग के सरदार हैं। उन्होंने कहा कि इन दोनों को बिहार की जनता अच्छी तरह से पहचानती है और दोनों की निगाह कुर्सी पर है। इन दोनों में सत्ता में बैठने को लेकर कुश्ती चल रही है।

जनता सबको जान चुकी है और एनडीए को स्वीकार चुकी है। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ही अगले मुख्यमंत्री होंगे, कहीं दिक्कत नहीं है। ममता बनर्जी के नीतीश कुमार और नायडू पर सत्ता की राजनीति करने वाले बयान को लेकर नित्यानंद राय ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के साथ चलने वाले और 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने वाले एनडीए के साथ हैं, जिन्हें भारत तेरी जय हो, विजय हो यह गूंज पसंद है और जो विकास चाहते हैं, वैसे लोग एनडीए में हैं और वैसे परिवारवादी लोग, जो तुष्टिकरण करने वाले हैं, उधर हैं, जो समाज और देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें