Site icon Dainik Savera Times

उप्र BJP ने ज्ञानवापी मामले में अदालत के निर्णय का किया स्वागत

लखनऊ: इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के सर्वे की अनुमति दिये जाने के बाद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि सर्वेक्षण से सच्चाई सामने आ जायेगी और सभी को फैसले को स्वीकार करते हुए इसमें सहयोग करना चाहिए। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने एक ट्वीट में कहा, ”ज्ञानवापी मामले में माननीय उच्च न्यायालय के फैसले का हम स्वागत करते है। माननीय न्यायालय के निर्णय को स्वीकार करते हुए सभी को सहयोग करना चाहिए।” उन्होंने ट्वीट में कहा, ”सर्वे से सच सामने आएगा। ज्ञानवापी में जो भी प्रत्यक्ष रूप से परिलक्षित हो रहा है, वह ऐतिहासिक सच्चाई है और करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ विषय है। ज्ञानवापी की ऐतिहासिक वास्तविकता को सभी को समझना चाहिए और स्वीकार भी करना चाहिए। न्यायालय की प्रक्रिया का पूर्ण सम्मान है।”इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को अपने फैसले में मुस्लिम पक्ष की याचिका खारिज करते हुए एएसआई सर्वेक्षण की अनुमति दी है।

Exit mobile version