Site icon Dainik Savera Times

यूपी में दो जगह पुलिस की मुठभेड़, 8 आरोपी गिरफ्तार; मुजफ्फरनगर में 10 क्विंटल तार बरामद

UP Police encounter

UP Police encounter

UP Police encounter: उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में बुधवार की सुबह थाना तितावी पुलिस और तार चोरी करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और तार चोरी करने वाले गिरोह के बीच उस समय मुठभेड़ हुई, जब तार चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए जा रहे थे। थाना तितावी पुलिस की टीम मुखबिर की सूचना पर मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने सामने से आते बदमाशों को देखकर रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। वहीं पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।

इसके अलावा, पुलिस ने मौके से 3 अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान शाहनवाज के रूप में हुई। पुलिस ने शाहनवाज को उपचार के लिए हॉस्पिटल भिजवाया।

ये भी पढ़ें- बिस्कुट फैक्टरी में भीषण आग, बाल बाल बचे फैक्ट्री मालिक

 

आरोपियों की हुई पहचान
अन्य आरोपियों की पहचान जुनैद उर्फ शाहरुख, ताहिर और आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, दो बाइक और दो चाकू बरामद किए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 क्विंटल से अधिक चोरी का तार बरामद किया है। चोरी किए गए तार को दिल्ली ले जाने के लिए इस्तेमाल की जा रही मैजिक गाड़ी भी पुलिस ने बरामद की है।

बताया गया कि शाहनवाज, जुनैद उर्फ शाहरुख और ताहिर भैंसाहेड़ी थाना छपार के रहने वाले हैं, जबकि आसिफ दिल्ली का निवासी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर तार चोरी की अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

4 आरोपी गिरफ्तार
उधर, उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस घटना में भी एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि अन्य तीन को मौके से पकड़ा गया।

ये भी पढ़ें- मोगा में मतदाता सूची पुनरीक्षण: 48 हजार आवेदन, राजनीतिक दलों को मिली फार्म 9, 10 और 11 की सूची

 

हवाई फायरिंग कर हुआ था फरार
मामला हाथरस जंक्शन क्षेत्र के नगला इमलिया का है, जहां 14 और 15 सितंबर की दरमियानी रात अरविंद अपने साथियों के साथ एक घर पर पहुंचा था और गाली-गलौज के बाद हवाई फायरिंग कर फरार हो गया था। वारदात के बाद एसओजी और थाना पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। इसी दौरान मंगलवार देर रात को पुलिस को आरोपियों के इलाके से निकलने की सूचना मिली। पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी अरविंद के पैर में गोली लग गई। वहीं, उमेश मीना, दिनेश उर्फ दिन्ना और संजय को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चार तमंचे, कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

Exit mobile version