Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर चलती बस पर फायरिंग करने वाले आरोपी गिरफ्तार

October 2, 2026

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर चलती बस पर फायरिंग करने वाले आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर चलती बस पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 2 अक्टूबर की तड़के पुलिस और SWAT टीम ग्रामीण जोन की मुठभेड़ के दौरान हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, खोखे और वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्कूटी भी बरामद की है।

चलती बस पर कई राउंड की गई फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, बस पर फायरिंग की घटना मसूरी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हाईटेक कॉलेज के सामने हुई थी। स्कूटी सवार दो युवक बस का पीछा कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने लालकुआं से आगे कई बार बस पर हमला करने की कोशिश की। इसके बाद हाईटेक कॉलेज के सामने पहुंचने पर दोनों युवकों ने बस की कंडक्टर साइड से कई राउंड गोलियां चला दीं। फायरिंग के दौरान बस में बैठे दो लोग गोली लगने से घायल हो गए।

बस दिल्ली से बदायूं जा रही थी
बस चालक सरफूद्दीन, निवासी अलापुर, बदायूं, ने पुलिस को बताया कि बस दिल्ली के उस्मानपुर से बदायूं जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक बस का पीछा करने लगे। बताया गया कि बस जैसे ही एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ी, आरोपियों ने उसे निशाना बनाया और हाईटेक कॉलेज के पास फायरिंग कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

बस में सवार दो लोगों को लगी गोली
फायरिंग में बस में मौजूद हेल्पर तालिब हुसैन (25) के कंधे के पास गोली लगी। वहीं बस मालिक के दोस्त कमरुद्दीन (42) की गर्दन में गोली लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया
पुलिस की शुरुआती जांच में इस घटना के पीछे पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि बस मालिक और आरोपियों के बीच करीब चार-पांच दिन पहले दिल्ली में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्ष थाने भी पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, वहां दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। इसके बावजूद बाद में बस को निशाना बनाकर फायरिंग की घटना सामने आई।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपियों को घेरा
पुलिस और SWAT टीम ग्रामीण जोन की टीम भूड़गढ़ी बंबा पटरी पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। आरोपियों ने खुद को घिरता हुआ देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के बाद उनकी पहचान अनस (26) और नदीम (23) के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, अनस (26), पुत्र चांद, तीसरा पुस्ता, जगजीत नगर, गली नंबर-7, थाना न्यू उस्मान नगर, दिल्ली का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी नदीम (23), पुत्र अनीश, न्यू मुस्तफाबाद, नेहरू विहार, थाना दयालपुर, दिल्ली का निवासी बताया गया है।

आरोपियों के पास से हथियार और स्कूटी बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध हथियार, कारतूस, फायरिंग में इस्तेमाल किए गए खोखे व वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की स्कूटी बरामद की है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बस पर फायरिंग की घटना को अंजाम देने के पीछे पूरी वजह क्या थी और इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें