Site icon Dainik Savera Times

2027 चुनाव के लिए राजग के साथ रोडमैप तैयार कर रही भाजपा: नीरज सिंह

लखनऊ: उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा मिली है और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के साथ मिलकर चुनावी रणनीति का रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

नीरज सिंह ने कहा कि नई प्रदेश टीम के गठन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूर्व अध्यक्षों के अनुभव भी साझा किए, जिससे कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए प्रेरणा और दिशा मिली है।

उन्होंने कहा, “2027 के चुनाव की तैयारी के संदर्भ में राजग के घटक दलों के साथ एक बेहतर रोडमैप तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। आज भाजपा राजग के सहयोगी दलों के साथ मिलकर देश के 22 राज्यों में सरकार चला रही है।”

राजग घटक दलों की बैठक को लेकर पूछे गए सवाल पर नीरज सिंह ने कहा कि यह अभी प्रारंभिक स्तर की चर्चा है और आने वाले समय में इस तरह की कई बैठकें होंगी। उन्होंने कहा कि राजग के सभी सहयोगी दलों के बीच मजबूत तालमेल है और गठबंधन पूरी मजबूती के साथ 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगा। प्रदेश भाजपा नेतृत्व का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ राजग सहयोगियों के साथ समन्वय को और सशक्त बनाया जाएगा, ताकि लगातार तीसरी बार प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

Exit mobile version