Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश पर वार, बोले- अब्दुल्लों का मोहल्ला चमका, बाकी अंधेरे में

June 28, 2026

ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश पर वार, बोले- अब्दुल्लों का मोहल्ला चमका, बाकी अंधेरे में

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर सांसद निधि के खर्च में भेदभाव, गैर-यादव पिछड़ों और दलितों की उपेक्षा तथा तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। राजभर ने कहा कि कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को चुनिंदा इलाकों तक सीमित रखा गया, जबकि गैर-यादव पिछड़े और दलित समाज की लगातार अनदेखी की गई।

मंत्री ओपी राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि राजा बाबू’ उर्फ अखिलेश जी। इस समय कन्नौज की आपकी सांसद निधि का खर्च पूरे देश में चर्चा का विषय है। विकास के नाम पर आपको सिर्फ ‘सपाई अब्दुल्लों का मोहल्ला’ ही दिखा। उजाला सिर्फ इन्हीं की गलियों में करना है? जाटव, धानुक, धोबी, लोधी की गलियों को आपने ‘चांद’ के भरोसे छोड़ दिया। ये सब भी आपके ही लोकसभा क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि वैसे इस मामले में आपका और आपकी पार्टी का पुराना रिकॉर्ड है। हक खा जाने का। सपा की वजह से ओबीसी आरक्षण को सिर्फ यादवों और मुस्लिमों ने खाया।

मंत्री ने कहा कि जिसकी वजह से आज हमारे, पाल, प्रजापति, बिंद, केवट, मल्लाह, राजभर, निषाद, मांझी, दर्जी, तेली, फकीर, बंजारा समेत पूरा अति पिछड़ा और दलित समाज के बच्चे ईंट-गारा ढो रहे हैं, रिक्शा चला रहे हैं या ढाबों पर प्लेट धो रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आपकी सपा सरकार के 13 सालों में हमारी दो-दो पीढ़ियां बर्बाद हुई हैं। आपकी सरकार ने हमें कमजोर किया, जिसका असर आपके मुस्लिम और यादव समीकरण में भी दिखता है। वही दबंगई, वही गुंडई, जो आपकी पार्टी और आपने सिखाई। हर जगह आपके गुंडे हमें मारते-पीटते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि मुरादाबाद और बांदा की हमारी बहनें वही झेल रही हैं। उनके साथ आपके अपने गुंडे ‘बत्तमीजी’ कर रहे हैं। धमकी दे रहे हैं। किसी को हिन्दू होने का दर्द झेलना पड़ रहा है तो किसी को गैर यादव ओबीसी यानी कुर्मी।

राजभर ने कहा कि अखिलेश जी अगर कोई जाना चाहता है तो जाने दीजिए, कोई आपकी पार्टी छोड़ना चाहता है तो छोड़ने दीजिए। डरा-धमकाकर कब तक किसी को रोक लेंगे? उन्होंने कहा कि अखिलेश जी आपको दिक्कत ओम प्रकाश राजभर से है, परेशानी राजभर है तो राजभर से लड़ो न। जो करना है, मेरे साथ करो। उन्होंने कहा कि गैर यादव ओबीसी और दलित जातियों के हित के लिए जान देने की नौबत आई तो ये ओम प्रकाश न झुकेगा और न ही रुकेगा। हम अति पिछड़ों को पिटवाना और धमकाना बंद करो अखिलेश और गुंडई करने से आपकी पार्टी बचने वाली नहीं है, सपा टूट कर ही रहेगी। बचाना है तो पहले खुद में सुधार करिए और फिर अपनी पार्टी में।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें