Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

जंतर-मंतर पर हंगामा: अभिजीत दीपके पर महिला ने फेंकी स्याही, वीडियो वायरल

July 18, 2026

जंतर-मंतर पर हंगामा: अभिजीत दीपके पर महिला ने फेंकी स्याही, वीडियो वायरल

नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार (18 जुलाई 2026) को उस समय हंगामा मच गया, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर एक महिला ने कथित तौर पर स्याही फेंक दी। यह घटना उस समय हुई, जब अभिजीत दीपके भूख हड़ताल के दौरान मंच से अपने समर्थकों और प्रदर्शनकारियों को संबोधित कर रहे थे। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम सामान्य रूप से चल रहा था और अभिजीत दीपके अपने संबोधन में व्यस्त थे। इसी दौरान एक महिला अचानक मंच के पास पहुंची और उन पर स्याही फेंक दी। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मौके पर मौजूद समर्थकों और आयोजकों ने तुरंत स्थिति को संभालने की कोशिश की। वहीं, सुरक्षा में तैनात कर्मियों और अन्य लोगों ने महिला को तुरंत पकड़ लिया, जिससे कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ। हालांकि, इस घटना के कारण कार्यक्रम कुछ समय के लिए बाधित रहा।

 

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि महिला ने यह कदम क्यों उठाया और उसके पीछे क्या वजह थी। इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला को मंच के पास पहुंचकर अभिजीत दीपके पर स्याही फेंकते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर इन दिनों विभिन्न मुद्दों को लेकर कई संगठन धरना और प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे माहौल में अभिजीत दीपके के साथ हुई इस घटना ने वहां मौजूद लोगों और सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

20 जुलाई का संसद मार्च हर हाल में होगा

वहीं, जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल जारी है। उनकी पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने शनिवार को कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा वांगचुक को जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाए जाने के बावजूद 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च रद्द नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वांगचुक अपना उपवास जारी रखे हुए हैं।

डॉक्टरों ने दिया हेल्थ अपडेट

सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. चारू बांबा ने बताया कि सोनम वांगचुक की हालत फिलहाल स्थिर है। लंबे समय तक उपवास के कारण उन्हें हल्का डिहाइड्रेशन और कमजोरी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी जांच और निगरानी कर रही है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, वांगचुक को हाई कोर्ट के निर्देशों और उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल ले जाया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें