Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Uttar Pradesh : मशहूर हस्तियों को निशाना बनाने वाले अपहरण गिरोह का सरगना मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

December 23, 2024

Uttar Pradesh : मशहूर हस्तियों को निशाना बनाने वाले अपहरण गिरोह का सरगना मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

बिजनौर : Uttar Pradesh पुलिस ने अभिनेता मुश्ताक खान और हास्य कलाकार सुनील पाल का अपहरण करने वाले गिरोह के सरगना को बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात मुठभेड़ के बाद लवी पाल उर्फ ??राहुल सैनी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। बिजनौर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक झा ने बताया, ‘‘आरोपी ने राहुल सैनी के रूप में 15 अक्टूबर को फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान से बात की और 20 नवंबर को मेरठ में एक कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया। साथ ही, 25 हजार रुपये की अग्रिम राशि का भुगतान किया और विमान का टिकट भी भेजा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुश्ताक को 20 नवंबर को दिल्ली के हवाई अड्डे से एक कार में बैठाकर बिजनौर लाया गया, जहां उसे लवी पाल के चाहशीरी स्थित घर में रखा गया।’’ झा ने कहा, ‘‘21 नवंबर सुबह जब अपहरणकर्ता सो रहे थे तो मुश्ताक भागने में कामयाब रहा और उसने पास की मस्जिद में शरण ली। वहां से वह सुरक्षित घर लौट आए। उनके इवेंट मैनेजर शिवम यादव ने बाद में नौ दिसंबर को बिजनौर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।’’

मुश्ताक खान के अपहरण के दौरान उनके मोबाइल फोन से 2.5 लाख रुपये का लेन-देन किया गया था
उन्होंने बताया कि आगे की जांच में पता चला है कि लवी पाल के गिरोह ने मेरठ में हास्य कलाकार सुनील पाल को निशाना बनाने के लिए इसी तरह अपराध को अंजाम दिया था। अधिकारी ने बताया कि मुश्ताक खान के अपहरण के दौरान उनके मोबाइल फोन से 2.5 लाख रुपये का लेन-देन किया गया था। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन लवी पाल तथा तीन अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही थी। उन्होंने बताया कि तीन सदस्यों को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह का सरगना लवी पाल अपने साथी एवं मौसेरे भाई शुभम के साथ रविवार तथा सोमवार की दरमियानी रात मंडावर मार्ग स्थित जैन फार्म पर आयेगा। झा ने बताया, ‘‘जब अधिकारियों ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया, तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। एक गोली थाना प्रभारी उदय प्रताप की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। मुठभेड़ में लवी पाल के पैर में गोली लग गई जबकि शुभम भाग गया।’’ पाल को गिरफ्तार कर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजीव वाजपेयी ने बताया कि उसके पास से एक तमंचा, दो कारतूस और मुश्ताक खान से अपहरण के दौरान वसूले 35,050 रुपये बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘बदमाशों के विरुद्ध गिरोहबंद अधिनियम के तहत कार्यवाही होगी तथा अपराध से अíजत संपत्ति जब्त की जाएगी।’’ बिजनौर और मेरठ पुलिस ने लवी पाल की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा हुआ है। अधिकारी अब उससे पूछताछ कर रहे हैं ताकि उसके गिरोह के संचालन और फिल्म उद्योग में अन्य संभावित लक्ष्यों के बारे में जानकारी मिल सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें