Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तरकाशी में हादसाः दीवार गिरने से परिवार के चार सदस्यों की दबकर मौत

June 20, 2025

उत्तरकाशी में हादसाः दीवार गिरने से परिवार के चार सदस्यों की दबकर मौत

देहरादून। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर एक दंपति तथा उनके दो छोटे बच्चों समेत परिवार के सभी चार सदस्यों की मौत हो गई । उत्तरकाशी जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मोरी क्षेत्र के राजस्व गांव ओडाटा की गूजर बस्ती में बृहस्पतिवार मध्यरात्रि के बाद दो बजे यह घटना हुई जब पत्थरों से बनी दीवार ढहने से मकान में सो रहे परिवार के सदस्य उसके नीचे दब गए।

मृतकों की ये हुई पहचान
सुबह घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमें मुख्य सड़क से लगभग एक किलोमीटर ऊपर पैदल मार्ग पर स्थित बस्ती में पहुंचीं और तलाशी एवं राहत कार्य चलाया गया। उन्होंने बताया कि मलबे से सभी चार लोगों के शव बरामद हो गए है जिनकी पहचान गुलाम हुसैन (26), उनकी पत्नी रुकमा खातून (23), उनके पुत्र आबिद (तीन) तथा उनकी दस माह की पुत्री सलमा के रूप में हुई है ।

हादसे की जांच शुरू
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मोरी के तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल ने बताया कि दीवार गिरने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन हाल में क्षेत्र में हुई बारिश या मकान की कमजोर स्थिति इसका संभावित कारण हो सकता है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें