Earthquake Uttarakhand News: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में मंगलवार सुबह अचानक भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। सुबह के समय आए इन झटकों से लोगों में कुछ देर के लिए डर का माहौल बन गया।भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.5 मापी गई। भूकंप का केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में ही स्थित था। इसका केंद्र 29.93 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 80.07 डिग्री पूर्वी देशांतर पर बताया गया है। भूकंप की गहराई जमीन के अंदर करीब 10 किलोमीटर थी।
दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
जैसे ही भूकंप के झटके महसूस हुए, कई लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि झटके हल्के थे, लेकिन अचानक आए कंपन से लोग सतर्क हो गए।
किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं
भूकंप के बाद जिले में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। तहसीलों से मिली जानकारी के अनुसार समाचार लिखे जाने तक कहीं से भी किसी बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
प्रशासन पूरी तरह सतर्क
भूकंप के बाद प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट मोड पर है।
आपदा प्रबंधन अधिकारी ने की ये अपील
आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने आम जनता से अपील की है कि लोग सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है।

