उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे के समय कार में कुल 7 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद से ही मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक नदी से 4 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं सभी यात्री
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी यात्री गुजरात के साबरमती इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम के दर्शन करने के लिए जा रहे थे। हालांकि, अभी तक यात्रियों की पहचान और उनके पते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। प्रशासन की ओर से सभी यात्रियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीमें
गंगनानी में गर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की तरफ यह हादसा हुआ। जैसे ही प्रशासन को कार के नदी में गिरने की सूचना मिली, राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीमों ने नदी के आसपास तलाश अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए।
तेज बहाव में लापता लोगों की तलाश जारी
हादसे के बाद कार में सवार बाकी लोगों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उनकी तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी के तेज बहाव में सर्च ऑपरेशन चला रही है। नदी का बहाव तेज होने के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम भी रेस्क्यू में जुटेगी
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बचाव अभियान को और तेज कर दिया है। मनेरा से एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। यह टीम नदी में लापता लोगों की तलाश करने में मदद करेगी। पुलिस और आपदा राहत टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
प्रशासन ने आपदा प्रबंधन केंद्र और मेडिकल टीम को किया अलर्ट
प्रशासन की ओर से आपदा कंट्रोल रूम और पुलिस की मदद से कार में सवार सभी लोगों के नाम, पते और पहचान की पुष्टि की जा रही है। पूरे घटनाक्रम पर जिलाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं। इसके अलावा आपदा प्रबंधन केंद्र और मेडिकल टीम को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि अगर रेस्क्यू अभियान के दौरान कोई घायल व्यक्ति मिलता है तो उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाकर इलाज दिया जा सके।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि इनोवा कार किस वजह से अनियंत्रित होकर नदी में गिरी। प्रशासन की ओर से दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल सभी का ध्यान नदी में लापता लोगों को तलाशने और राहत-बचाव अभियान को जल्द से जल्द पूरा करने पर है।

