Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Vice Presidential Election : NDA ने CP राधाकृष्णन को बनाया उम्मीदवार, विपक्ष आज करेगा फैसला!

August 18, 2025

Vice Presidential Election : NDA ने CP राधाकृष्णन को बनाया उम्मीदवार, विपक्ष आज करेगा फैसला!

नेशनल डेस्क: देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद उपराष्ट्रपति के चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार घोषित कर दिया है, वहीं विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ आज अपने साझा प्रत्याशी के नाम को अंतिम रूप देने की तैयारी में है।

सीपी राधाकृष्णन को मैदान में उतारकर क्या संकेत दे गया NDA?

तमिलनाडु से आने वाले व आरएसएस की पृष्ठभूमि वाले वरिष्ठ भाजपा नेता सीपी राधाकृष्णन को एनडीए द्वारा उपराष्ट्रपति पद के लिए नामित किया जाना एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा इस नामांकन के ज़रिए दक्षिण भारत, विशेषकर तमिलनाडु में राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की दिशा में प्रयासरत है। राज्य में वर्ष 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में राधाकृष्णन की उम्मीदवारी को संभावित रूप से DMK के कुछ हलकों से समर्थन मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है।

आज विपक्ष की बड़ी बैठक

आज सुबह 10:15 बजे, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में इंडिया गठबंधन की अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर विपक्षी दलों के साझा उम्मीदवार के नाम पर विचार होगा। यदि सभी दलों के बीच सहमति बनती है, तो संभव है कि आज ही उम्मीदवार की घोषणा हो जाए।

गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन पहले ही यह संकेत दे चुका है कि वह इस बार एक “गैर-राजनीतिक” और सर्वसम्मति वाले चेहरे को चुनाव मैदान में उतारना चाहता है। ऐसे में अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विपक्ष किस नाम पर सहमति बनाता है और वह एनडीए के मुकाबले कितनी सशक्त चुनौती पेश कर पाएगा।

9 सितंबर को होगा मतदान

यह उपराष्ट्रपति चुनाव उस वक्त सामने आया है जब मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके चलते नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई है। मतदान 9 सितंबर को निर्धारित है, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है।

समाजवादी पार्टी सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, 

समाजवादी पार्टी सांसद राम गोपाल यादव ने NDA द्वारा महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने पर कहा, “देश में कुछ पद ऐसे हैं, चाहे वह राष्ट्रपति हों, उपराष्ट्रपति हों, लोकसभा अध्यक्ष हों, इन पर आम सहमति होना बेहतर है। अभी हमारे पास ज़्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन हमारा मानना है कि दक्षिण भारत के लोग काबिल और अच्छे होते हैं।” चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा, “बचने की कोशिश में वे इधर-उधर बातें करते हैं, दुनिया जानती है कि चुनाव आयोग की सूची में कई गड़बड़ियां हैं…”

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा,

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने NDA द्वारा महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने पर कहा, “यह एक बहुत ही स्वागत योग्य कदम है। सी.पी. राधाकृष्णन एक बहुत ही विद्वान व्यक्ति हैं और संसदीय मर्यादा को समझते हैं। पूरी उम्मीद है कि वे न केवल उपराष्ट्रपति के रूप में, बल्कि राज्यसभा के सभापति के रूप में भी गरिमा प्रदान करेंगे… हम सभी कार्यकर्ता उन्हें बधाई देते हैं… सभी दल साथ देते हैं तो सौहार्दपूर्ण वातावरण बनता है, अब सभी दलों को निर्णय लेना है।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें