Site icon Dainik Savera Times

झारखंड पुलिस ने छात्रों पर चलाया वाटर कैनन, तेज धार के बीच करने लगे रेन डांस

Water cannons

Water cannons

Water cannons: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को भी जारी है। विधानसभा घेराव के लिए निकले छात्रों ने पुलिस की आठवीं बैरिकेडिंग भी तोड़ दी और अब विधानसभा की ओर बढ़ रहे हैं।

छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों का एक बड़ा समूह आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने जब छात्रों को रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया तो प्रदर्शनकारी पीछे हटने के बजाय पानी की बौछारों के बीच भी नारेबाजी करते नजर आए। कई छात्र वाटर कैनन की तेज धार के बीच खड़े होकर नारे लगाते और झूमते दिखाई दिए।

इस मौके पर आंदोलन का अलग ही दृश्य देखने को मिला। पुलिस और प्रशासन की ओर से छात्रों से आगे नहीं बढ़ने और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की जा रही है। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ड्रोन कैमरों से भी प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

ये भी पढ़ें- Amarnath Yatra: अनिश्चितकाल के लिए यात्रा स्थगित, अगले दो दिनों में भारी बारिश का अनुमान

 

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव
आठवीं बैरिकेडिंग पार करने के बाद छात्रों का समूह कई हिस्सों में बंट गया है। कुछ छात्र आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी है। मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। इससे पहले छात्रों ने पुराने विधानसभा परिसर के पास पहला बैरिकेड तोड़ा था। इसके बाद उन्होंने लगातार आगे बढ़ते हुए एक के बाद एक कई बैरिकेड पार किए।

विवादित परीक्षाओं को रद्द करने की मांग
24 जिलों से पहुंचे हजारों छात्र हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर लिए विधानसभा की ओर मार्च कर रहे हैं। छात्र 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा समेत विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, भर्ती प्रक्रिया में सुधार और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।

बेनतीजा रही थी तीसरे दौर की वार्ता
रविवार को सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता बेनतीजा रही थी। इसके बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। सुबह से ही रांची के विभिन्न इलाकों में छात्रों की भीड़ जुटने लगी थी। राज्य के अलग-अलग जिलों से छात्र बसों, ट्रेनों और निजी वाहनों से रांची पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में छात्रों ने रविवार रात जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम और आसपास के इलाकों में रात गुजारी।

ये भी पढ़ें- घर बैठे मंगाएं श्री सोमनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद

 

हिरासत में कई भाजपा नेता
इधर, आंदोलन के बीच भाजपा ने भी मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में भाजपा विधायकों की बैठक के बाद विधायक और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। करीब 9.45 बजे हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बाबूलाल मरांडी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
राजधानी में विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की कोशिश छात्रों को विधानसभा परिसर तक पहुंचने से रोकने की है। वहीं छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और लगातार आगे बढ़ रहे हैं।

Exit mobile version