Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

क्या चंडीगढ़ में कल से बदलेगी मौसम की फिजा? मानसून की दस्तक से राहत की उम्मीद

June 30, 2026

क्या चंडीगढ़ में कल से बदलेगी मौसम की फिजा? मानसून की दस्तक से राहत की उम्मीद

Weather Change From July 1st : चंडीगढ़। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे हरियाणा-चंडीगढ़ के लोगों की निगाहें अब पहली जुलाई पर टिकी हैं। मौसम विभाग के संकेतों के अनुसार प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां रफ्तार पकड़ सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट और बारिश की संभावना बढ़ेगी।

अगले 24 घंटे तय करेंगे मिजाज

ऐसे में सवाल यही है कि क्या जुलाई का पहला दिन तपिश से राहत लेकर आएगा या उमस का दौर अभी और सताएगा? आने वाले 24 घंटे प्रदेश के मौसम का नया रुख तय कर सकते हैं। चंडीगढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों में दिनभर लू जैसे हालात बने रहे, जबकि रातें भी सामान्य से अधिक गर्म महसूस की गईं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी गर्मी और उमस के बने रहने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने कई जगहों पर वॉर्म नाइट की स्थिति दर्ज की है, जिससे लोगों को रात में भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिली।

दिन के साथ तप रहीं रात भी

दिन के साथ-साथ रात में भी तापमान सामान्य से ज्यादा रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों ही सामान्य से ज्यादा हैं, जिससे रात में भी गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून से 4 जुलाई तक चंडीगढ़ में मौसम बदलता रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, आज लोगों को गर्मी और उमस से ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है।

मानसूनी दस्तक के संकेत

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जुलाई की शुरुआत के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 1 जुलाई को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 2 से 4 जुलाई के बीच चंडीगढ़ के पास पंजाब के कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। बारिश शुरू होने के बाद अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी और यह करीब 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

ये बरतें सावधानी

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप में लंबे समय तक बाहर रहने से बचें और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखें। जुलाई के पहले सप्ताह में बारिश बढ़ने से गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें