Weather Update 5 March : होली के साथ ही देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक 5 मार्च को देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम की स्थिति अलग-अलग रहेगी। मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने से गर्मी का असर दिखेगा, जबकि पहाड़ी राज्यों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली में धूप के साथ चलेंगी हवाएं
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मार्च की शुरुआत के साथ ही तापमान बढ़ने लगा है। गुरुवार को दिनभर तेज धूप रहने का अनुमान है, जिससे दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है। हालांकि दोपहर में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन हवाओं के कारण प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आ सकती है। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बनी रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें :
उत्तर प्रदेश और बिहार में बढ़ेगा तापमान
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। लखनऊ, कानपुर, बरेली, आगरा, मथुरा, गोरखपुर और बांदा जैसे इलाकों में गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार में भी मौसम साफ रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में बांका राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना और गया में भी गर्मी बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में राज्य के तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है और आने वाले सप्ताह में पारा 36 डिग्री के करीब पहुंच सकता है।
झारखंड के कुछ इलाकों में राहत
झारखंड के मौसम में अलग-अलग क्षेत्रों में अलग स्थिति देखने को मिल रही है। दक्षिणी जिलों जैसे पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं देवघर, गोड्डा और दुमका जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में अधिकतम तापमान घटकर करीब 32 डिग्री तक आ गया है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल
पंजाब और हरियाणा में मौसम सामान्य बना रहेगा। सुबह हल्की ठंडक और दिन में तेज धूप के कारण तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल इन राज्यों में बारिश की संभावना नहीं है।
ये भी पढ़ें :
राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में आंशिक बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। गुजरात के अहमदाबाद और सूरत जैसे शहरों में गर्मी बढ़ने की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे और नागपुर में भी दिन के समय तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।
दक्षिण भारत के कई राज्यों में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में तापमान 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। केरल में प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
पहाड़ी राज्यों में बदलेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में 7 मार्च से मौसम बदलने की संभावना है। यहां एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसका असर करीब चार दिन तक रह सकता है। 7 और 8 मार्च को इसका प्रभाव कमजोर रहेगा, लेकिन लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश हो सकती है। वहीं उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

