Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा-एनसीआर में बदलेगा मौसम, कल से प्री-मानसून शुरू

June 28, 2026

हरियाणा-एनसीआर में बदलेगा मौसम, कल से प्री-मानसून शुरू

Weather to change in Haryana : अंबाला। हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। बादलों की आवाजाही, छिटपुट बूंदाबांदी और बढ़ती उमस के बीच मौसम विशेषज्ञों ने आगामी दिनों में प्री-मानसून गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है।

कल से पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय

पर्यावरण क्लब राजकीय महाविद्यालय नारनौल के नोडल अधिकारी एवं मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 29 जून से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय परिसंचरण तथा सक्रिय ट्रफ लाइन के प्रभाव से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।

बूंदाबांदी से बदलेगा मौसम

रविवार को प्रदेश के पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मौसमी ट्रफ इस समय पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक विस्तृत है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश से तेलंगाना तक एक अन्य ट्रफ तथा हरियाणा के ऊपर सक्रिय कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में छिटपुट प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। हालांकि अभी व्यापक वर्षा की संभावना नहीं है।

तापमान में हल्की बढ़ोतरी कर रही परेशान

उन्होंने कहा कि लगातार दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों को पसीने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में मानसून सामान्यतः जून के अंतिम सप्ताह में पहुंचता है, लेकिन इस वर्ष इसके जुलाई के पहले सप्ताह में प्रवेश करने की संभावना है। जुलाई के पहले 10 दिनों में अच्छी वर्षा होने के संकेत हैं, जिससे किसानों और आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है।

अगले 4-5 दिन में ऐसा रहेगा मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में हीटवेव (लू) जैसी परिस्थितियां रहने की संभावना है। 28 जून को कुछ क्षेत्रों में गर्मी और उमस, हीटवेव की संभावना है। 29–30 जून को कोई बड़ी चेतावनी नहीं, मौसम आंशिक रूप से बादलयुक्त रह सकता है। 1 जुलाई से 4 जुलाई तक राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाएं (40–50 किमी/घंटा तक) और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। IMD चंडीगढ़ के अनुसार 26 से 30 जून के बीच हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि 1–2 जुलाई को गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें