Site icon Dainik Savera Times

देशभर में मौसम का दोहरा असर, कहीं पड़ेगी भीषण गर्मी, तो कहीं होगी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather update 23 april 2026

Weather update 23 april 2026

Weather Update: देश में इस समय मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिल रहा है। एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्य तेज गर्मी और लू से परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी है। IMD ने 12 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में 24 और 25 अप्रैल को लू चलने की आशंका है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश (23 से 26 अप्रैल), राजस्थान (24 से 26 अप्रैल), मध्य प्रदेश (23 से 26 अप्रैल), विदर्भ और छत्तीसगढ़ (24 से 27 अप्रैल) और गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भी गर्मी का असर बना रह सकता है।

कहां पड़ेगी ज्यादा गर्मी?

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 से 25 अप्रैल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल तक लू चल सकती है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी 24 से 26 अप्रैल के बीच तेज गर्मी का प्रकोप रहेगा। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 24 से 27 अप्रैल तक तापमान काफी ऊंचा रह सकता है। इसके अलावा ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और गुजरात के तटीय इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में प्रदूषण पर सख्ती: बिना PUC सर्टिफिकेट के नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल या CNG

दिल्ली में येलो अलर्ट

राजधानी दिल्ली में 23 से 27 अप्रैल तक तेज गर्मी पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 23 अप्रैल को तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 24 और 25 अप्रैल को यह 43 से 44 डिग्री तक जा सकता है। इन दिनों लू चलने की चेतावनी दी गई है। 26 और 27 अप्रैल को भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

उत्तर प्रदेश में लू का असर

उत्तर प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल के बीच तेज गर्मी और लू का असर रहेगा। कई शहरों में तापमान 40 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा और मेरठ में गर्म हवाएं चलने की संभावना है।

बिहार में बदलेगा मौसम

बिहार में 23 अप्रैल को लू चलने की संभावना है, लेकिन इसके बाद मौसम बदल सकता है। अगले 2-3 दिनों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। पटना में तापमान 41 डिग्री तक जा सकता है।

झारखंड में लू और बारिश

झारखंड के कुछ जिलों जैसे दुमका, जामताड़ा, धनबाद और बोकारो में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 24 से 26 अप्रैल के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अनुमान है।

राजस्थान में बढ़ेगा तापमान

राजस्थान में 24 से 26 अप्रैल तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। इस दौरान तापमान 42 से 45 डिग्री तक जा सकता है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर और अजमेर जैसे शहरों में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा।

ये भी पढ़ें: पंजाब में भीषण गर्मी का कहर: 42.9°C तक पहुंचा तापमान, जानें अगले कुछ दिनों का हाल

पश्चिम बंगाल में गर्मी और बारिश

दक्षिण बंगाल में 25 अप्रैल तक लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। वहीं उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों जैसे दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में 28 अप्रैल तक बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के आसार

हिमाचल प्रदेश में 25 से 28 अप्रैल और उत्तराखंड में 25-26 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 25 से 28 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

Exit mobile version