Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather: देशभर में बढ़ी ठंड की मार, कई राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे का असर

December 13, 2025

Weather: देशभर में बढ़ी ठंड की मार, कई राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे का असर

नेशनल डेस्क: देश के अधिकांश हिस्सों में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। घने कोहरे और शीतलहर के चलते तापमान तेजी से गिर रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी कई राज्यों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दक्षिण और मध्य भारत में शीतलहर का प्रभाव

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 13 दिसंबर को कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ के कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है। इन क्षेत्रों में रात और सुबह के समय ठंड ज्यादा महसूस की जाएगी।

ये भी पढ़ें: Delhi Pollution: गंभीर स्तर पर पहुंचा दिल्ली में प्रदूषण, स्मॉग की चादर से ढकी राजधानी

उत्तर भारत में घना कोहरा छाने के आसार

मौसम विभाग ने 13 से 15 दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में कोहरे का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी

IMD ने पहाड़ी राज्यों के लिए बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी से ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ बढ़ा प्रदूषण 

दिल्ली और आसपास के इलाकों में ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। 400 से अधिक AQI के साथ नोएडा देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर में ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में हवा की रफ्तार करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 13 से 15 दिसंबर तक शीतलहर का असर बना रह सकता है, जिससे लोगों को गलन और तेज ठंड का एहसास होगा।

बिहार में भी बढ़ी ठंड

बिहार में भी ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है। राजधानी पटना समेत भागलपुर, पूर्णिया, गया और आरा में सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। पछुआ हवाओं के चलते राज्य के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में शाम के समय भी धुंध छाए रहने की संभावना जताई है।

ये भी पढ़ें: H-1B Visa : 20 अमेरिकी राज्यों ने H-1B Visa वीजा फीस को लेकर ट्रंप पर किया मुकदमा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें