Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather Update : सर्दी के लिए करना होगा और इंतजार, इन राज्यों में हो सकती है बरसात

November 2, 2024

Weather Update : सर्दी के लिए करना होगा और इंतजार, इन राज्यों में हो सकती है बरसात

Weather Update : उत्तर भारत समेत कई राज्यों में अक्टूबर महीने में ठण्ड पड़नी शुरू हो जाती है। परन्तु इस बार अक्टूबर महीना खत्म हो गया है लेकिन उत्तर भारत समेत देश के दुसरे राज्यों में सर्दी की शुरुआत नहीं हुई है। IMD ने कहा है कि साल 1901 के बाद भारत में इस साल अक्टूबर का महीना सबसे अधिक गर्म रहा है। देश का औसत तापमान सामान्य से 1.23 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी सर्दी पड़ने के कोई आसार नहीं है। विभाग द्वारा नवंबर में भी मौसम गर्म रहने का ही पूर्वानुमान जारी किया गया है। IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ नहीं होने और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव के कारण मौसम में ठंडक नहीं आ रही है। उन्होंने कहा है कि इसी कारण नवंबर शुरू होने के बाद भी मौसम अभी भी गर्म है।

मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि इस वर्ष अक्टूबर में औसत तापमान 26.92 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 1901 के बाद से यह देश में सबसे गर्म तापमान है। जबकि सामान्य तापमान 25.69 डिग्री सेल्सियस रहता है। इस वर्ष न्यूनतम तापमान भी पूरे देश के सामान्य तापमान 20.01 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले बढ़कर 21.85 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

IMD निदेशक ने कहा कि आने वाले दो सप्ताह तक तापमान में कोई खास गिरावट देखने को नहीं मिलेगी। कम से कम अगले दो सप्ताह तक उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री ऊपर ही बना रहेगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद ही तापमान में गिरावट आनी शुरू होगी।

उत्तर भारत में 15 नवंबर से पहले ठंड आने के कोई आसार नहीं है, लेकिन दक्षिण भारत में बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिणी भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून के कारण नवंबर महीने में बारिश हो सकती है। IMD ने कहा है कि पुडुचेरी, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, केरल समेत कई और इलाकों में जोरदार बारिश हो सकती है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें