WhatsApp: दुनिया की लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक अहम फीचर रोल आउट किया है। लंबे समय से यूजर्स की शिकायत थी कि किसी ग्रुप में नए जुड़ने पर उन्हें पिछली बातचीत समझने में दिक्कत होती है, क्योंकि पुरानी चैट दिखाई नहीं देती थी। अब कंपनी ने इस समस्या का समाधान पेश कर दिया है।
यह नया “ग्रुप मैसेज हिस्ट्री” फीचर पहले Android और iOS के बीटा वर्जन में देखा गया था, जिसे अब आधिकारिक तौर पर सभी यूजर्स के लिए चरणबद्ध तरीके से जारी किया जा रहा है।
क्या बदलेगा नए फीचर से?
अब जब कोई नया सदस्य किसी व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा जाएगा, तो उसे ग्रुप की पुरानी चैट्स देखने का विकल्प मिलेगा। हालांकि यह सुविधा सीमित होगी।कंपनी के मुताबिक, नया सदस्य अधिकतम 100 पुराने मैसेज तक देख सकेगा। यह संख्या तय करने का अधिकार पूरी तरह ग्रुप एडमिन के पास होगा। एडमिन चाहें तो 25, 50, 75 या 100 मैसेज तक की हिस्ट्री शेयर कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें- मर्दानी 3 बनी गेम चेंजर… बॉक्स ऑफिस पर फ्रैंचाइज़ी का तोड़ा रिकॉर्ड, बनी सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म
इससे नए मेंबर को ग्रुप की पिछली महत्वपूर्ण जानकारी, चर्चाओं या निर्देशों को समझने में आसानी होगी।
एडमिन के पास रहेगा पूरा नियंत्रण
WhatsApp ने स्पष्ट किया है कि पुराने मैसेज की पहुंच देना या न देना एडमिन के विवेक पर निर्भर करेगा। अगर एडमिन चाहें तो इस फीचर को पूरी तरह डिसेबल भी कर सकते हैं।
पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जब भी किसी नए सदस्य को पुरानी चैट हिस्ट्री का एक्सेस दिया जाएगा, तो ग्रुप के सभी सदस्यों को इसकी सूचना मिलेगी। इससे सभी को पता रहेगा कि नए सदस्य को पिछली बातचीत देखने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा, ग्रुप में नए सदस्य को जोड़ने वाले व्यक्ति का नाम भी स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।
ये भी पढ़ें- AI इम्पैक्ट समिट पर जयराम रमेश का तंज, बोले- विश्वगुरु एक्रोनिम्स में व्यस्त
कैसे मिलेगा यह फीचर?
कंपनी ने बताया है कि यह अपडेट फेज वाइज जारी किया जा रहा है। जिन यूजर्स को अभी तक यह फीचर नहीं मिला है, वे अपने ऐप को Google Play Store या Apple App Store से अपडेट कर सकते हैं। अपडेट के बाद यह सुविधा धीरे-धीरे सभी अकाउंट्स में सक्रिय हो जाएगी।
क्यों है यह फीचर खास?
यह फीचर खास तौर पर उन ग्रुप्स के लिए उपयोगी साबित होगा जहां महत्वपूर्ण सूचनाएं, ऑफिस अपडेट्स, स्कूल नोटिस या पारिवारिक योजनाएं साझा की जाती हैं। अब नए सदस्य को बार-बार पुरानी जानकारी पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

