नेशनल डेस्क: भारत और ब्रिटेन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट हुआ है, जो 15 जुलाई 2026 से लागू हो जाएगा। इस समझौते का फायदा आम आदमी को मिलेगा। ब्रिटेन से भारत आने वाले कई उत्पाद सस्ते हो सकते हैं, जिनमें स्कॉच व्हिस्की, लग्जरी कारें, कॉस्मेटिक्स, मेडिकल डिवाइस और कुछ प्रीमियम फूड प्रोडक्ट्स शामिल हैं।
क्या है भारत-UK FTA?
फ्री ट्रेड एग्रीमेंट यानी FTA दो देशों के बीच ऐसा व्यापार समझौता होता है, जिसमें दोनों देश कुछ चीजों पर आयात शुल्क को कम या बिल्कुल ही खत्म कर देते हैं, जिससे सामान सस्ता होता है और व्यापार बढ़ता है। काफी लंबे समय से भारत और ब्रिटेन के बीच इस समझौते को लेकर बात चल रही थी, जो अब लागू होने जा रही है।
क्यों सस्ती होगी स्कॉच व्हिस्की?
इस समय भारत में स्कॉच व्हिस्की पर भारी आयात शुल्क लगता है। FTA लागू होने के बाद इस टैक्स में बड़ी कटौती हो जाएगी, जिससे ब्रिटेन से आने वाली कई प्रीमियम स्कॉच व्हिस्की सस्ती हो जाएंगी।
लग्जरी कारों के भी कम होंगे दाम
ब्रिटेन से आयात होने वाली कई प्रीमियम और लग्जरी कारों पर भी आयात शुल्क कम हो जाएगा, जिससे कारें पहले की तुलना में सस्ती हो सकती हैं।
भारत को होगा फायदा
FTA सिर्फ ब्रिटेन का सामान ही सस्ता नहीं करेगा बल्कि इससे भारतीय निर्यातकों को भी लाभ होगा। टेक्सटाइल, जेम्स एंड ज्वेलरी, इंजीनियरिंग और कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ेगा, जिससे रोजगार और व्यापार दोनों को फायदा होगा।