Site icon Dainik Savera Times

Yamuna Authority की बड़ी कार्रवाई, अवैध कब्जे से मुक्त कराई 15,000 करोड़ की जमीन

ग्रेटर नोएडा : यमुना प्राधिकरण ने सिकंदराबाद तहसील के झाझर क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया है। ओएसडी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष अभियान के तहत यमुना प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों को बुलडोजर के माध्यम से ध्वस्त कर दिया, जिससे लगभग 15,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को मुक्त करा दिया गया है।

इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन पुलिस प्रशासन की तैनात टीम ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और कार्रवाई जारी रही। प्राधिकरण की तरफ से पहुंचे बुलडोजर ने अवैध निर्माण किए गए सभी जगह पर निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद थे।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत अवैध कॉलोनियों को खत्म करने के बाद प्राधिकरण अब संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएगा। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने आगे कहा कि अवैध कॉलोनियों को काटने और बनाने वाले लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई यमुना प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में की गई है, जहां कॉलोनियों के निर्माण ने नियामक प्रावधानों और योजनाओं का उल्लंघन हुआ है। आपको बता दें कि यमुना प्राधिकरण अवैध कॉलोनियों और उनकी गतिविधियों के खिलाफ सख्त है। इससे पहले भी कई बार यमुना प्राधिकरण अतिक्रमण पर कार्रवाई की है।

Exit mobile version