Site icon Dainik Savera Times

देहरादून में तिब्बती मार्केट के पास गोलीकांड, गैस एजेंसी मालिक की मौत

Dehradun Crime

Dehradun Crime

नेशनल डेस्क: देहरादून में तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पुलिस तुरंत दून अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार के रहने वाले थे। वे जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक थे।

पुलिस ने घेराबंदी कर शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

पारिवारिक विवाद की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्जुन शर्मा का अपने पारिवारिक व्यवसाय और पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, इसी विवाद के चलते उनकी माता ने पहले ही अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर उच्च न्यायालय से संरक्षण की मांग की थी और उन्हें सुरक्षा भी मिली थी। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच रही है।

स्कूटी पर आए हमलावर 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो अज्ञात हमलावर स्कूटी पर आए और अर्जुन शर्मा पर गोली चलाकर फरार हो गए। वारदात इतनी अचानक हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग भयभीत हैं।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। शहर और जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित एंगल खासकर पारिवारिक और आर्थिक विवाद को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से सहयोग की अपील की है।

Exit mobile version