नेशनल डेस्क: अलीगढ़ के सासनी गेट क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगरा कट के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और करीब तीन किलोमीटर तक घिसटती हुई चली गई। इस दौरान बाइक में आग लग गई।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के भुजपुरा निवासी नजीर अहमद का पुत्र मोहम्मद इंतसाब रविवार रात लगभग 9 बजे अपनी स्प्लेंडर बाइक से कहीं जा रहा था, जब वह आगरा कट से हाईवे पर दिल्ली की ओर मुड़ रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहम्मद इंतसाब की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक ट्रक में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती रही। घर्षण के कारण बाइक में आग लग गई। बाद में रोरावर क्षेत्र के गौंडा पुल के पास ट्रक चालक और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया। हादसे की सूचना मिलते ही मडराक और सासनी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शुरुआती समय में क्षेत्राधिकार को लेकर दोनों थानों के बीच कुछ देर तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। इस कारण सड़क पर जाम की स्थिति भी बन गई।
सासनी गेट थाना प्रभारी राजवीर परमार ने बताया कि हादसे में युवक ट्रक की टक्कर लगने के बाद सड़क पर गिर गया था और उसकी बाइक ट्रक में फंस गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
परिजनों के अनुसार, मोहम्मद इंतसाब छह भाइयों और एक बहन में पांचवें नंबर पर था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार में शोक की लहर है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...