
Youth Stabbed to Death in Karnal : करनाल। न्यू बहादुर चंद कॉलोनी में 4-5 युवकों ने लाडवा निवासी अमन पर चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अमन ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

वारदात के समय अमन अपने दोस्त रमन के साथ उसकी मौसी के घर जा रहा था। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद युवकों समेत अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 23 अक्टूबर की रात करीब 11:15 बजे न्यू बहादुर चंद कॉलोनी की बाल्मीकि बस्ती में बालाजी मंदिर के पास युवक पर चाकू से हमला होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर सदर बाजार पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई सतीश कुमार, एएसआई सुनील कुमार और मुख्य सिपाही महाबीर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां सड़क पर खून मिला। घायल अमन को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना शहर करनाल के प्रभारी और डीएफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। उधर, अस्पताल में डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज, करनाल के शवगृह में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जानी थी। मृतक के पिता राजकुमार निवासी विकास नगर, हनौरी रोड, लाडवा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी इंद्री रोड, लाडवा पर साइकिल मरम्मत की दुकान है।
23 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वह घर चले गए थे। रात करीब 11 बजे उनके पास रमन के भाई का फोन आया। उसने बताया कि रमन अमन को करनाल लेकर गया था और यहां उस पर चाकू से हमला हुआ है। अमन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर परिजन करनाल के सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें अमन की मौत होने का पता चला। पिता के अनुसार, रमन के रिश्तेदारों से मिली जानकारी के मुताबिक, रमन अमन को अपनी मौसी के घर न्यू बहादुर चंद कॉलोनी स्थित बालाजी मंदिर के पास ले जा रहा था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद युवकों ने अमन पर हमला कर दिया।
राजकुमार ने अपनी शिकायत में शिवा निवासी न्यू बहादुर चंद कॉलोनी, कृष गांधी, राधे और 2-3 अन्य युवकों पर अमन पर चाकुओं से हमला करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के दौरान अमन के साथ मौजूद रमन को चोट नहीं आई। पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हमले के कारणों, आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...