Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

15 लाख का कर्ज लेकर विदेश गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

October 3, 2026

15 लाख का कर्ज लेकर विदेश गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

निसिंग/करनाल : बेहतर रोजगार और परिवार का भविष्य संवारने का सपना लेकर करीब 11 साल पहले विदेश गया निसिंग के वार्ड नंबर नौ निवासी 32 वर्षीय रिंकू अब इस दुनिया में नहीं रहा। जर्मनी में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। करीब 15 लाख रुपये का कर्ज लेकर विदेश गए रिंकू के परिजन अब उसके शव के भारत पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
परिजनों के अनुसार रिंकू वर्ष 2016 में रोजगार के सिलसिले में पुर्तगाल गया था।

वहां कुछ समय पहले उसे स्थायी निवास (पीआर) मिल गया था। इसके बाद बेहतर रोजगार और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद में वह वर्ष 2019 में जर्मनी चला गया। परिजनों का कहना है कि विदेश में रहकर रिंकू लगातार मेहनत करता रहा और परिवार की आर्थिक मदद करता था। रिंकू शादीशुदा था। उसके परिवार में मां, पत्नी, छोटा भाई और दो बच्चे हैं। पिता रामदिया का पहले ही निधन हो चुका है। जर्मनी से उसकी मौत की सूचना फोन पर मिलते ही घर में मातम छा गया।

परिजनों के अनुसार फिलहाल जर्मनी में रिंकू की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। परिवार मौत के वास्तविक कारण सामने आने का इंतजार कर रहा है। परिजनों ने बताया कि जर्मनी में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही शव को भारत लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। परिजन चाहते हैं कि यह प्रक्रिया जल्द पूरी हो और रिंकू का शव निसिंग स्थित पैतृक स्थान पर लाया जा सके, जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें