Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

जीशान सिद्दीकी को ईमेल के जरिये मिली जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज

April 22, 2025

जीशान सिद्दीकी को ईमेल के जरिये मिली जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज

Zeeshan Siddiqui Received Threat : मुंबई पुलिस ने दिवंगत बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी देने के मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह घटना तब सामने आई, जब जीशान को एक धमकी भरा ईमेल मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जीशान सिद्दीकी को भेजे गए ईमेल में धमकी दी गई कि उनकी हत्या उनके पिता बाबा सिद्दीकी की तरह कर दी जाएगी। ईमेल में 10 करोड़ रुपए की मांग की गई और धमकाने वाले ने कहा कि वह हर छह घंटे में ऐसे धमकी भरे ईमेल भेजेगा।

इस धमकी से परेशान जीशान ने तुरंत मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, यह धमकी बाबा सिद्दीकी की हत्या से जोड़कर देखी जा रही है। बाबा सिद्दीकी एक प्रमुख एनसीपी नेता और व्यवसायी थे। उनकी पिछले साल गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

इस हत्याकांड ने मुंबई में सनसनी फैला दी थी और अब उनके बेटे को मिली धमकी ने सुरक्षा चिंताओं को फिर से बढ़ा दिया है। जीशान खुद एक राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मुंबई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। जांच के तहत पुलिस उस ईमेल के स्त्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है। साइबर क्राइम सेल की मदद से ईमेल के आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल सुरागों की जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह धमकी किसी संगठित आपराधिक गिरोह या व्यक्तिगत दुश्मनी से जुड़ी है। साथ ही जीशान और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें