Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार के राज्यपाल ने मंगल पाण्डेय की पुस्तक का किया विमोचन

December 17, 2024

बिहार के राज्यपाल ने मंगल पाण्डेय की पुस्तक का किया विमोचन

पटना : बिहार के राज्यपाल Rajendra Vishwanath Arlekar ने आज स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय की पुस्तक ‘आरोग्य पथ पर बिहार, जन स्वास्थ्य का मंगल काल’ का आज विमोचन किया। श्री आर्लेकर ने बिहार विधान सभा के विस्तारित भवन के सभागार में आयोजित समारोह में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय की पुस्तम ‘आरोग्य पथ पर बिहार, जन स्वास्थ्य का मंगल काल’ का विमोचन करने के बाद कहा कि स्वास्थ्य सेवाएँ सिर्फ शहरों में ही केन्द्रित नहीं होकर गांववों तक भी पहुंचनी चाहिए। बिहार को सर्वदृष्टि से विकसित करना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य प्रक्षेत्र का विकास आवश्यक है। बिहार के विकसित होने पर ही विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा। राज्यपाल ने पुस्तक के लेखक मंगल पाण्डेय की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी अत्यधिक व्यस्तता के बावजूद एक उत्कृष्ट पुस्तक का लेखन किया है, जो पठनीय है। उन्होंने इसके माध्यम से बिहार में स्वास्थ्य प्रक्षेत्र में हो रहे विकास को आमजन के समक्ष प्रस्तुत करने का सफल प्रयास किया है। श्री पाण्डेय के व्यक्तित्व और कृतित्व पर राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् का गहरा प्रभाव है और इसके फलस्वरूप वे विषयों की स्पष्ट समझ और सकारात्मक सोच के साथ समाज व राष्ट्र हित के लिए सतत संघर्षरत हैं।

राजभवन इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर के टीकाकरण के लिए प्रयासरत है
श्री आर्लेकर ने कहा कि राजभवन इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर के टीकाकरण के लिए प्रयासरत है। इस कार्य में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग अपेक्षित है। हमें टीबी मुक्त बिहार के लिए भी प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार विधान सभा के अध्यक्ष नंद किशोर यादव, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, पुस्तक के लेखक एवं स्वास्थ्य और कृषि मंत्री श्री मंगल पाण्डेय, बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग, प्रत्यय अमृत, बीएमजीएफ के कन्ट्री हेड हरि मेनन, राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाह मोहन सिंह, जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा तथा लोक जनशक्ति (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक, विधान पार्षद, पूर्व विधायक एवं विधान पार्षद, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, बिहार के गणमान्य चिकित्सक तथा अन्य लोग उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें