Site icon Dainik Savera Times

राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस लाएगी BJP, किरेन रिजिजू ने लगाया सदन को गुमराह करने का आरोप

bjp-to-bring-privilege-notice-against-rahul-gandhi

bjp-to-bring-privilege-notice-against-rahul-gandhi

नई दिल्ली: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को कहा कि लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार (प्रिविलेज) नोटिस दाखिल करेंगे। रिजिजू का आरोप है कि राहुल गांधी ने सदन को गुमराह किया और बिना सबूत के गंभीर आरोप लगाए।

यह भी पढ़ें- एपस्टीन फाइल आरोपों पर हरदीप पुरी का राहुल गांधी पर पलटवार, कहा- ऐसी बयानबाजी उनकी पुरानी शैली का हिस्सा

लोकसभा अध्यक्ष के पास औपचारिक नोटिस देंगे- रिजिजू

रिजिजू ने कहा कि संसद के नियम बहुत स्पष्ट हैं। अगर कोई सांसद किसी अन्य सदस्य या मंत्री पर गंभीर आरोप लगाना चाहता है, तो उसे पहले नोटिस देना होता है और अपने आरोपों के समर्थन में सबूत भी पेश करने होते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर “भारत और भारतीय हितों को बेचने” जैसे गंभीर आरोप लगाए, लेकिन उनके पास इन दावों का कोई आधार नहीं था।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी पर भी बिना पूर्व सूचना के गंभीर आरोप लगाए। रिजिजू के अनुसार, यह संसद की कार्यवाही और नियमों का उल्लंघन है और इसे विशेषाधिकार का गंभीर मामला माना जा सकता है। इसलिए बीजेपी इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष के पास औपचारिक नोटिस देगी।

राहुल गांधी भाषण देकर सदन से चले जाते, जवाब सुनने के लिए रुकते नहीं

किरण रिजिजू ने यह भी कहा कि बजट 2026-27 पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने अपने भाषण में कई आरोप लगाए, लेकिन कोई ठोस सुझाव या रचनात्मक योगदान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अक्सर भाषण देने के बाद सदन से चले जाते हैं और संबंधित मंत्री का जवाब सुनने के लिए उपस्थित नहीं रहते। रिजिजू के मुताबिक, यह संसदीय परंपराओं के खिलाफ है।

उन्होंने कहा, “हम सदन के अंदर नियमों के तहत नोटिस देंगे और सदन के बाहर भी राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देंगे।” रिजिजू ने दावा किया कि राहुल गांधी ने जो आरोप लगाए हैं, वे साबित नहीं कर पाएंगे क्योंकि वे बेबुनियाद हैं।

यह भी पढ़ें- ‘ऑपरेशन सिंदूर का हीरो राफेल, आतंक को 23 मिनट में मिला जवाब’, बोले एयरफोर्स के वाइस-चीफ 

कोई भी इस देश को न तो बेच सकता- रिजिजू 

राहुल गांधी ने अपने भाषण में भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते (इंडिया-यूएस इंटरिम ट्रेड डील) का जिक्र करते हुए सरकार पर देश के भविष्य से समझौता करने और लोगों के हितों को “सरेंडर” करने का आरोप लगाया था। इसी बयान को लेकर विवाद खड़ा हुआ है। रिजिजू ने कहा कि “कोई भी इस देश को न तो बेच सकता है और न ही खरीद सकता है। भारत को बेचने या खरीदने के बारे में सोचना भी गलत है।”

उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी के भाषण में कही गई गलत और असंसदीय बातों को रिकॉर्ड से हटाया जाए। अब इस मुद्दे पर संसद में और सियासी हलचल तेज होने की संभावना है, क्योंकि बीजेपी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस मामले को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाएगी।

Exit mobile version