Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

यह चुनाव देश का लोकतंत्रऔर संविधान बचाने वाला : Cm Mann

May 19, 2024

यह चुनाव देश का लोकतंत्रऔर संविधान बचाने वाला : Cm Mann

कुरुक्षेत्र/जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से ‘आप’ उम्मीदवार डा. सुशील गुप्ता के लिए प्रचार किया। मान ने विधानसभा पूंडरी में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और गुहला, पेहवा व रादौर में आप उम्मीदवार के साथ बड़ा रोड शो किया। रोड शो में कुरुक्षेत्र लोकसभा के सभी गांवों से आम आदमी पार्टी व कांग्रेस के कार्यकत्र्ता और समर्थक पहुंचे। लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि ये चुनाव हमारे देश को बचाने का है। देश ऐसे मोड़ पर खड़ा है कि या तो देश तानाशाही की तरफ जाएगा या लोकतांत्रिक तरीके से चुने लोग जनता की इच्छा के मुताबिक काम करेंगे।

मान ने कहा कि भाजपा के नेता कहते हैं कि हमें 400 से ज्यादा सीटें दे दो, हम संविधान को बदल देंगे। यदि बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर का लिखा संविधान बदल गया तो देश में चुनाव नहीं हो पाएंगे फिर यहां रूस जैसे हालात हो जाएंगे। जहां पुतिन के खिलाफ कोई खड़ा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा भाजपा इस गलतफहमी में न रहे कि वो अरविंद केजरीवाल को अंदर करके पार्टी को तोड़ देंगे या किसी पार्टी के बैंक खाते को फ्रीज करके उस पार्टी की आवाज को बंद कर देंगे। उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली और हरियाणा में 25 मई को वोटिंग है, जो नारा दिल्ली में चल रहा है कि 25 मई, बीजेपी गई, ये नारा हरियाणा में भी चला लो।

पहले 4 चरणों में भाजपा को पता चल गया है कि उनका बेड़ा 400 पार नहीं हो रहा। जब पीएम मोदी को पता चला कि वो हार रहे हैं तो अब वह धमकी भरे भाषण देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि हम जमीन से जुड़े लोग हैं। हमें पता है कि मुश्किलें क्या हैं। उनको क्या पता जो सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। पंजाब में अकाली दल वाले कहते थे कि 25 साल राज करेंगे। आज उनके पास 25 सीटें भी नहीं हैं, केवल 2 सीटें हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले कहते हैं सिलैंडर 100 रुपए सस्ता कर दिया, लेकिन वह ये नहीं बताते 1,100 रुपए किसने किया था? इसलिए बैलेट बॉक्स पर इंडिया गठबंधन का बटन भले ही 5वें नंबर पर है लेकिन आना पहले नंबर पर है।

इस बार हमें एकजुट होकर देश को बचाना है। हमें उनको पहचानना पड़ेगा जो देश को लूट रहे हैं। इस बार हरियाणा के लोगों को भी बदलाव करना है। जो देश को बेच रहा है और जो देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बन चुका है उनको हराना जरूरी है। यदि देश बचेगा तो ही पार्टियां और लोकतंत्र बचेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें