Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Vande Mataram: ‘कांग्रेस ने वंदे मातरम को अपमानित किया’, राष्ट्रीय गीत की अनदेखी पर भड़के राजनाथ सिंह

December 8, 2025

Vande Mataram: ‘कांग्रेस ने वंदे मातरम को अपमानित किया’, राष्ट्रीय गीत की अनदेखी पर भड़के राजनाथ सिंह

नई दिल्ली: सोमवार को संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के बाद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने वंदे मातरम के प्रति कांग्रेस की नीति को लेकर सवाल उठाए और तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया। वंदे मातरम के 150वें वर्षगांठ पर चर्चा करते हुए, राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय गान को तो सम्मान मिला, लेकिन राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम को किनारे कर दिया गया।

राजनाथ सिंह ने कांग्रेस को घेरा 

राजनाथ सिंह ने लोकसभा में बोलते हुए कहा, “यह सच्चाई है कि वंदे मातरम को वह सम्मान नहीं मिला जो उसे मिलना चाहिए था। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत दोनों को समान महत्व मिलना चाहिए था, लेकिन एक को देश की सोच में जगह मिली और दूसरे को दरकिनार कर दिया गया।” उन्होंने आगे कहा, “1937 में कांग्रेस ने वही निर्णय लिया, जो गलत था, उस ज़मीन पर जहाँ वंदे मातरम रचा गया था। यह केवल एक गीत का सवाल नहीं था, बल्कि यह स्वतंत्र भारत के लोगों के साथ अन्याय था।”

राजनाथ सिंह ने वंदे मातरम को “देश की भावना का अमर गीत” बताते हुए कहा कि इसे सीमित करने की कोशिशें धोखा देने के बराबर हैं। उन्होंने कहा कि यह गीत कभी भी कमजोर नहीं होगा, और इसे भारत की राष्ट्रीय भावना से जोड़ा गया है। इसके साथ ही, रक्षा मंत्री ने यह भी याद दिलाया कि ब्रिटिश शासन ने वंदे मातरम के खिलाफ एक आदेश जारी किया था, लेकिन भारतीयों ने फिर भी इसे गाना नहीं छोड़ा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की

राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की, जिन्होंने वंदे मातरम पर चर्चा की शुरुआत की। सिंह ने कहा, “PM मोदी ने तथ्यों को सामने रखा और यह चर्चा एक प्रेरणादायक तरीके से शुरू की। वंदे मातरम भारत के अतीत, वर्तमान और भविष्य से जुड़ा है। यह वही गीत था जिसने हमारे स्वतंत्रता सेनानियों को ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष की ताकत दी।”

सिंह ने यह भी उल्लेख किया कि वंदे मातरम न केवल भारत में, बल्कि विदेशों में भी भारतीयों के लिए एक प्रेरणा का स्रोत था। जैसे कि जब गोपाल कृष्ण गोखले दक्षिण अफ्रीका पहुंचे, तो उनका स्वागत वंदे मातरम के नारों से हुआ। शहीद भगत सिंह और चंद्रशेखर आज़ाद के खत भी वंदे मातरम से शुरू होते थे।

कांग्रेस ने मुस्लिम लीग के सामने सरेंडर किया

पार्लियामेंट में पीएम मोदी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्रगीत को लेकर मुस्लिम लीग के सामने “सरेंडर” किया था। पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस ने वंदे मातरम के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और इसे अपमानित किया।” लोकसभा और राज्यसभा में इस मुद्दे पर पूरी बहस के लिए 10 घंटे का समय तय किया गया है, और मंगलवार, 9 दिसंबर को इस पर विस्तृत चर्चा होगी। संसद का विंटर सत्र 1 दिसंबर से शुरू हुआ है, जो 19 दिसंबर तक चलेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें