नेशनल डेस्क: असम में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति तेज हो गई है। असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गौरव गोगोई ने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा को केवल माफिया से जुड़े लोग ही पसंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पत्थर, कोयला और सुपारी माफिया से सरकार के संबंध हैं।
कार्बी आंगलोंग में मीडिया से बात करते हुए गोगोई ने कहा कि असम की जनता अब भ्रष्टाचार, डर और धमकी की राजनीति के खिलाफ एकजुट हो गई है। उन्होंने दावा किया कि सभी विपक्षी दल मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और लोग अब माफिया से जुड़े नेताओं को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जो नेता जनता की सेवा करना चाहते हैं, उन्हें बीजेपी में महत्व नहीं दिया जाता और उनके टिकट तक काट दिए जाते हैं।
यह भी पढ़ें-
Petrol-Diesel Price: पेट्रोल 7 रुपये और डीजल इतने रुपये हुआ महंगा, इन पंपों पर बढ़े प्राइज
TMC-BJP के बीच कड़ी टक्कर, अमित शाह बोले- 15 दिन राज्य में रहकर संभालूंगा चुनावी मोर्चा
केरल चुनाव: ‘पेंशन 3,000 रुपए, रोजगार-वेलफेयर पर बड़ा फोकस’, UDF ने घोषणापत्र में किए बड़े वादे
असम में कब होंगे चुनाव?
असम की 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा और 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में सत्तारूढ़ बीजेपी (NDA) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच सीधी टक्कर है। कांग्रेस ने असम जातीय परिषद, रायजोर दल, CPI(M), CPI(ML) और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन किया है।
राहुल गांधी ने भी साधा निशाना
इसी दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। कार्बी आंगलोंग में एक रैली के दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार ने भारत के कृषि, ऊर्जा और डेटा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को अमेरिका के लिए खोल दिया है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के फैसलों से अमेरिकी कंपनियों और किसानों को फायदा होगा, जबकि भारतीय किसानों, छोटे व्यापारियों और उद्योगों को नुकसान झेलना पड़ेगा। राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भारत की नीतियों पर असर है। उनके मुताबिक, इस तरह की डील से भारत की आर्थिक स्थिति और छोटे उद्योगों पर बुरा असर पड़ सकता है।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज
असम चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एक तरफ कांग्रेस राज्य सरकार पर माफिया से संबंध और भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है, तो दूसरी ओर केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में आने वाले चुनाव में कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

