Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

सरकार बनने पर हम जनता की जेब में पैसा डालेंगे : राहुल गांधी

May 23, 2024

सरकार बनने पर हम जनता की जेब में पैसा डालेंगे : राहुल गांधी

नई दिल्ली। राहुल गांधी ने कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार के पक्ष में गुरुवार को दिल्ली में एक जनसभा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि इंडिया गठबंधन की सरकार आई तो किसानों का कर्ज माफ होगा। किसानों को एमएसपी का अधिकार मिलेगा। मनरेगा के लिए 400 रूपए मजदूरी दी जाएगी। आशा और आंगनवाड़ी वर्कर्स की आय दोगुनी होगी। 30 लाख सरकारी नौकरी का वादा भी उन्होंने दोहराया।

इस दौरान राहुल गांधी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों के लिए ही वोट मांगे। इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि सरकार में आने पर वे अग्निवीर स्कीम को डस्टबिन में फेंकने वाले हैं। राहुल गांधी ने कहा कि यह योजना सेना के खिलाफ है, देश भक्तों के खिलाफ है। इससे दो अलग-अलग शहीद तैयार किए जा रहे हैं। एक को शहीद का दर्ज मिलेगा, पेंशन और कैंटीन मिलेगी, परिवार की रक्षा होगी। वहीं दूसरे को न पेंशन मिलेगी न उसके परिवार की कोई सुरक्षा होगी।

राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने जितना पैसा अरबपतियों को दिया है, उतना ही पैसा हम हिंदुस्तान के गरीबों को देंगे। 4 जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और 4 जुलाई की सुबह 9 बजे करोड़ों महिलाओं के बैंक खाते में 8500 रुपए प्रति माह आना शुरू हो जाएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान की छोटी फैक्ट्रियां बंद पड़ी हैं। गलत तरीके से जीएसटी को लागू किया गया। हम जनता की जेब में पैसा डालेंगे, जब आपकी जेब में पैसा आएगा, महिलाओं, युवाओं के हाथ में पैसा आएगा तो वे लोग खरीदारी करेंगे और बंद पड़ी फैक्ट्रियां फिर से चालू हो जाएगी। फैक्ट्रियां खुलने पर यहां युवाओं को नया रोजगार मिलेगा।

उन्होंने कहा हम 30 लाख सरकारी नौकरियों के अलावा पहली नौकरी पक्की योजना ला रहे हैं, जिसके तहत युवाओं को पहले साल की नौकरी और ट्रेनिंग मिलेगी। इसमें युवाओं की जेब में पैसा डालकर अर्थव्यवस्था के इंजन को स्टार्ट किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया और कहा कि ये चाहते हैं जो हिंदुस्तान के 90 प्रतिशत लोग हैं जिनमें दलित, आदिवासी, ओबीसी, अल्पसंख्यक हैं उनकी कोई जगह न हो। ये चाहते हैं कि जैसे पहले हिंदुस्तान को राजा महाराजा चलाते थे, 21वीं सदी में भी राजा महाराजा हिंदुस्तान को चलाएं।

राहुल गांधी ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि उनके नेताओं ने खुलकर कहा है कि अगर उनकी सरकार आ गई तो अंबेडकर जी के संविधान को बदल देंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं बीजेपी से कहना चाहता हूं कि आपके सामने कांग्रेस पार्टी खड़ी है और हम ऐसा नहीं होने देंगे। इस संविधान से आरक्षण मिलता है, लोकतंत्र मिलता है, चुनाव होते हैं, मनरेगा आदि यह सब संविधान से ही मिला है।‘

राहुल गांधी ने कहा कि यह आरक्षण हटाने की बातें करते हैं और हमने कहा है कि हम सरकार में आने पर आरक्षण की सीमा 50 प्रतिशत से बढ़ाकर और ऊपर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद देश भर के गरीब परिवारों की एक सूची तैयार की जाएगी और हर परिवार में से एक महिला को साल के एक लाख रुपए दिए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें