Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

IIT बॉम्बे में छात्र की मौत के बाद विरोध: छात्र ने नकल पर कार्रवाई का समर्थन किया, जातिगत भेदभाव के दावों पर उठाए सवाल

September 22, 2026

IIT बॉम्बे में छात्र की मौत के बाद विरोध: छात्र ने नकल पर कार्रवाई का समर्थन किया, जातिगत भेदभाव के दावों पर उठाए सवाल

नई दिल्ली: IIT बॉम्बे में दूसरे साल के बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद कैंपस में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच एक छात्र ने साफ कहा है कि परीक्षा में नकल करना गलत है, लेकिन प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला पर लगाए गए जाति भेदभाव के आरोप पूरी तरह गलत और बेबुनियाद हैं। उस छात्र ने दुख जताते हुए कहा, “बहुत बुरा लगा कि हमने एक छोटा भाई खो दिया।”

‘डूला सर पर जो आरोप लगाए जा रहे गलत’

उसने आगे बताया, “मैं मानता हूँ कि उन्होंने नकल की थी और यह गलत था। लेकिन डूला सर पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह गलत हैं। मेरे अनुभव से कह सकता हूँ कि न तो मुझे और न ही मेरे जूनियर साथियों को कभी जाति के आधार पर भेदभाव का सामना करना पड़ा।” छात्र ने यह भी बताया कि IIT बॉम्बे में अगर कोई छात्र परीक्षा में नकल करते पकड़ा जाता है तो क्या सजा मिलती है। उसने कहा, “अगर आप नकल करते पकड़े जाते हैं तो आपको उस सेमेस्टर के लिए सस्पेंड कर दिया जाता है और कोर्स में फेल कर दिया जाता है।”

‘मैं भी प्रदर्शन में शामिल हुआ, सच्चाई जानने के बाद राय बदली’

विरोध प्रदर्शनों के बारे में बोलते हुए छात्र ने कहा कि प्रोफेसर डूला के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे फैकल्टी सदस्यों का अपनी बात कहना सही है, लेकिन प्रोफेसर आखिरकार एक गलत स्थिति का सामना कर रहे हैं। उसने कहा, “सभी छात्र प्रदर्शन में शामिल नहीं हो रहे थे क्योंकि वे जानते हैं कि क्या सही है और क्या गलत।” उस छात्र ने यह भी बताया कि वह खुद पहले प्रदर्शन में शामिल हुआ था, लेकिन बाद में सारी बातें जानने के बाद उसने अपनी राय बदल ली। उसने कहा, “मैं भी पहले प्रोटेस्ट में गया था, लेकिन बाद में मुझे एहसास हुआ कि यह सही नहीं था और SC/ST टैग का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।”

जाति के आधार पर भेदभाव हुआ- परिवार 

18 सितंबर को साहिल वाकोडे की मौत हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें परीक्षा में ChatGPT इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। परिवार का आरोप है कि जाति के आधार पर भेदभाव हुआ और प्रोफेसर डूला का व्यवहार ठीक नहीं था। इंस्टीट्यूट ने कुछ पुरानी बातों के लिए माफी मांगी है और जांच चल रही है।

प्रोफेसर डूला को डीन पद से हटा दिया

प्रोफेसर डूला को एडमिनिस्ट्रेटिव अफेयर्स के डीन पद से हटा दिया गया है। छात्र उनके खिलाफ प्रोफेसर के रूप में भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। IIT बॉम्बे फैकल्टी फोरम ने प्रोफेसर डूला का समर्थन किया है। छात्र प्रतिनिधियों का कहना है कि उनका विरोध अकादमिक गलती को सही ठहराने के लिए नहीं है। वे संस्थान में सुधार, निष्पक्ष जांच और छात्रों की शिकायतों को बेहतर तरीके से सुलझाने की व्यवस्था चाहते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें