
नई दिल्लीः पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में जोड़-तोड़ का दौर तेज हो गया है। नेताओं के दल बदलने से सियासी हलचल बढ़ गई है। रविवार को आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने वाले पूर्व विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। दोनों नेताओं ने दिल्ली में BJP का दामन थामा। इन दोनों नेताओं के साथ कुंवर विजय प्रताप सिंह भी BJP में शामिल हो गए। तीनों नेताओं के भाजपा में जाने के बाद पंजाब की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।
चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने पहले दिया था इस्तीफा
पटियाला जिले की समाना विधानसभा सीट से विधायक रहे चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने रविवार को आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उनके इस्तीफे के बाद ही उनके BJP में जाने की अटकलें तेज हो गई थीं। अब उन्होंने भाजपा में शामिल होकर इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। वहीं, सनौर विधानसभा सीट से विधायक रहे हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भी रविवार को आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। अब पठानमाजरा ने भी BJP का दामन थाम लिया है। उनके भाजपा में शामिल होने से पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण बदलने की चर्चा तेज हो गई है।
AAP ने सदस्यता रद्द करने की मांग करने की बात कही
इस बीच आम आदमी पार्टी ने दोनों नेताओं के खिलाफ बड़ा कदम उठाने की बात कही है। पार्टी का कहना है कि हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा की विधानसभा सदस्यता रद्द करवाने के लिए विधानसभा स्पीकर से मांग की जाएगी। AAP का दावा है कि दोनों विधायकों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पहले ही पार्टी से निलंबित किया जा चुका था। इसके बाद दोनों नेताओं ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दिया।
चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के दल बदलने का सिलसिला तेज होता नजर आ रहा है। एक तरफ AAP अपने विधायकों के इस्तीफों और सदस्यता के मुद्दे पर कार्रवाई की तैयारी में है, वहीं दूसरी तरफ BJP में तीन नेताओं के शामिल होने से पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना बढ़ गई है। आने वाले दिनों में इन दल-बदल का असर पंजाब की चुनावी राजनीति पर कितना पड़ेगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।