Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा में सियासी हलचलः मनोहर लाल ने सभी मंत्रियों के साथ CM पद से दिया इस्तीफा, नई सरकार का होगा गठन

March 12, 2024

हरियाणा में सियासी हलचलः मनोहर लाल ने सभी मंत्रियों के साथ CM पद से दिया इस्तीफा, नई सरकार का होगा गठन

चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में भाजपा-जजपा गठबंधन टूट गया है। ऐसे में नई सरकार का गठन होना संभव है। सूत्रों के अनुसार आज विधायक दल की बैठक में इसका एलान होगा। हरियाणा की सियासत से सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। मनोहर लालने अपना इस्तीफा राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को सौंप दिया है। साथ ही अब हरियाणा में नई सरकार का गठन होगा।

कहा जा रहा है कि सीएम को करनाल से लोकसभा चुनाव लड़वाने की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री पद के लिए नए नामों में नायब सैनी और संजय भाटिया चर्चा में हैं।

वर्तमान में, 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 41 विधायक और जजपा के 10 विधायक हैं। इस गठबंधन को सात में से छह निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के 30 विधायक हैं और इंडियन नेशनल लोकदल तथा हरियाणा लोकहित पार्टी के पास एक-एक सीट है। भाजपा ने 2019 में राज्य की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।

राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जननायक जनता पार्टी (जजपा) गठबंधन में लोकसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर दरार पैदा होने की अटकलों के बीच यह घटनाक्रम सामने आया है। राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री खट्टर समेत 14 मंत्री शामिल थे। इसमें उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जजपा के तीन सदस्य थे। इन सभी ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने बताया कि राज भवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में नए मंत्रिमंडल के शपथ लेने की संभावना है।

भाजपा ने ‘हरियाणा निवास’ पर अपने विधायकों की बैठक बुलाई है। बहरहाल, पार्टी ने इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। बताया जा रहा है कि जजपा के पांच विधायक नई दिल्ली में पार्टी द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल नहीं हुए। कई भाजपा नेताओं ने पहले कहा था कि पार्टी राज्य की सभी 10 लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी।

भाजपा ने तरुण चुग व अर्जुन मुंडा को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाकर भेजा
हरियाणा में भाजपा और जेजेपी का गठबंधन टूटने के बीच चंडीगढ़ में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक बुलाई है। पार्टी आलाकमान की तरफ से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक बना कर भेजे गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक हरियाणा में पार्टी आलाकमान ने बदलाव का मन बना लिया है। इसे देखते हुए भाजपा विधायक दल की बैठक में नया नेता चुना जा सकता है। वर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल सीएम पद से इस्तीफा दे दिया और उसके बाद भाजपा की तरफ से विधायक दल के नए नेता निर्दलीय विधायकों के समर्थन से राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।

गौरतलब है कि हरियाणा के उपमुख्यमंत्री एवं जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में से 2 लोकसभा सीटों की मांग की थी। जबकि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर अकेले जीत हासिल हुई थी। इसके बावजूद भाजपा हरियाणा में दुष्यंत चौटाला की पार्टी को एक लोकसभा सीट देने को तैयार हो गई थी, लेकिन दुष्यंत चौटाला अपनी मांग पर अड़े हुए थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें