Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

ठाणे के अस्पताल में डॉक्टरों पर हमला, शिवसेना कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे गिरफ्तार

July 8, 2026

ठाणे के अस्पताल में डॉक्टरों पर हमला, शिवसेना कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे गिरफ्तार

महाराष्ट्र: ठाणे जिले से डॉक्टरों के साथ मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। डोंबिवली के शास्त्री नगर अस्पताल में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ पर हमला किए जाने के आरोप में शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 6 जुलाई की शाम की है। शास्त्री नगर अस्पताल, जो कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) द्वारा संचालित है, वहां नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) पूरी तरह भरी हुई थी। ऐसे में डॉक्टर सृष्टि बाविस्कर और डॉक्टर वैभव सालुंके ने एक नवजात बच्चे के परिजनों को बेहतर इलाज के लिए बच्चे को दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दी।

 

समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे म्हात्रे, मारपीट में बदली बहस

बताया जा रहा है कि डॉक्टरों की यह सलाह बच्चे के परिजनों को पसंद नहीं आई। इसके बाद उन्होंने स्थानीय कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे को अस्पताल बुला लिया। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद रमेश म्हात्रे अपने कुछ समर्थकों के साथ डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ से बहस करने लगे, जो बाद में मारपीट में बदल गई।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित तौर पर देखा जा सकता है कि रमेश म्हात्रे अस्पताल के अंदर एक महिला डॉक्टर के पास पहुंचते हैं और उन पर हमला कर देते हैं। इस दौरान महिला डॉक्टर के हाथ से मोबाइल फोन भी गिर जाता है। इसके बाद उनके साथ आए कुछ लोग अस्पताल के अन्य कर्मचारियों से भी मारपीट करते नजर आते हैं।

डॉक्टरों और कर्मचारियों में डर का माहौल

इस हमले में डॉक्टर वैभव सालुंके के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों में डर और गुस्से का माहौल है। अस्पताल में मौजूद अन्य स्टाफ भी इस घटना से सहमे हुए दिखाई दिए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो सहित अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें