Dainik Savera Times

केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chauhan ने मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत बनवाई अपनी किसान ID

Shivraj Singh Chauhan

मध्य प्रदेश : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विदिशा (मध्य प्रदेश) में, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत अपनी किसान आईडी बनवाई। इस अवसर पर श्री शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार द्वारा डिजिटल कृषि मिशन की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त आत्मनिर्भर और तकनीक-सक्षम बनाना है।

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह ने कहा कि इस महत्वपूर्ण मिशन के अंतर्गत सभी किसानों की एक डिजिटल पहचान होगी, उनको फार्मर आईडी प्रदान की जाएगी और इसमें किसानों की खेती संबंधी और सभी जानकारियां एक ही स्थान पर होगी, मतलब जमीन, कौन-सा रकबा है, उसके परिवार में कौन-कौन सदस्य हैं, उसने कौन-सी फसल बोई है, उसकी खेत की मिट्टी का स्वास्थ्य कैसा है, मिट्टी में कौन-कौन से तत्व हैं, सॉइल हेल्थ कार्ड की जानकारी उसके पास खेती के अलावा पशु धन या और कोई संपत्ति है तो उसकी जानकारी भी होगी और इसका सबसे बड़ा लाभ ये है कि अभी हर योजना का लाभ लेने के लिए किसान को अलग-अलग जगह औपचारिकता पूरी करनी होती है, मान लीजिए फसल में नुकसान हो गया तो उसको बहुत से विवरण कार्यों में सबमिट करना पड़ता था। बैंक से लोन लेना है, कई दिन लगते थे कागज बनवाने में, फिर बैंक मैनेजर के पास ले जाने में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब फार्मर आईडी में सारी जानकारी एक ही जगह होगी।

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से सीधे खाते में पैसा आएगा, इसी तरह कुछ करने की जरूरत नहीं है, बैंकों से लोन लेना है 5 मिनट में फार्मर आईडी दिखाएगा सारा विवरण सामने आ जाएगा, बैंक लोन जल्दी स्वीकृत कर देंगे, कौन-सी फसल बोई है, से लेकर सारी जानकारी इस आईडी के माध्यम से रहेगी, फसल बीमा का लाभ भी तत्काल मिल जाएगा और सही व्यक्ति को मिलेगा।

श्री शिवराज सिंह ने बताया कि खेती संबंधी और बाकी योजनाओं का लाभ भी किसानों तक ठीक ढंग से पहुंचे, इसलिए जरूरी है किसान फार्मर आईडी बनवाएं, एक जगह सारा विवरण जिसे कोई इधर- उधर नहीं कर सकता, कई बार धन्ना की जमीन पन्ना के नाम हो जाती है, पता ही नहीं चलता, अब ये संभव ही नहीं है और ये फार्मर आईडी में जो जानकारी है, वो सब गोपनीय है, किसान चाहेगा तो ही साझा की जाएगी। श्री शिवराज सिंह ने सभी किसान भाइयों से विनम्र आग्रह किया है कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर फार्मर आईडी बनाने का अभियान चला रही है, आईडी में दी गई जानकारी गोपनीय रहेगी और किसान के चाहने पर ही साझा की जाएगी, तो जल्द से जल्द अपनी ये आईडी बनवाएं।

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह ने बताया कि अब तक देश में 5.5 करोड़ से अधिक किसानों की आईडी बन चुकी है, जिसमें मध्य प्रदेश के 78 लाख किसान भी शामिल हैं। श्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से एक जगह सारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसान आईडी बनवाने की अपील की है।

Exit mobile version