Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

युमनाम खेमचंद सिंह होंगे मणिपुर के नए मुख्यमंत्री, BJP विधायक दल की बैठक में चुने गए नेता

February 3, 2026

युमनाम खेमचंद सिंह होंगे मणिपुर के नए मुख्यमंत्री, BJP विधायक दल की बैठक में चुने गए नेता

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के नेता युमनाम खेमचंद सिंह को मणिपुर बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इसके साथ ही अब वे मणिपुर के नए मुख्यमंत्री होंगे। यह फैसला दिल्ली में हुई बीजेपी विधायकों की बैठक में लिया गया। यह बैठक आज शाम करीब पांच बजे बीजेपी मुख्यालय में हुई। मणिपुर में पिछले करीब एक साल से राष्ट्रपति शासन लागू है और मुख्यमंत्री का पद खाली था।

इससे पहले बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक गृह मंत्री अमित शाह के साथ बीजेपी के एक्सटेंशन ऑफिस में हुई। इस बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महासचिव बीएल संतोष और राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल भी शामिल थे।

13 फरवरी से लागू हुआ था मणिपुर में राष्ट्रपति शासन

मणिपुर में पिछले साल 13 फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू है, जो पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद लंबे समय से चल रही जातीय हिंसा के बीच लागू हुआ था। बीरेन सिंह के राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के चार दिन बाद, पिछले साल 13 फरवरी को केंद्र सरकार ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था। अब मणिपुर में इस महीने 12 फरवरी को राष्ट्रपति शासन खत्म हो रहा है।

बता दें कि 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा, जिसका कार्यकाल 2027 तक है, को निलंबित रखा गया था। इससे पहले, पिछले साल 14 दिसंबर को मणिपुर भाजपा विधायक दल ने नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में शांति प्रक्रिया और हिंसाग्रस्त राज्य से संबंधित अन्य प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक बैठक आयोजित की थी।

इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह और राज्य विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम सत्यव्रता सिंह सहित 34 से अधिक भाजपा विधायकों के साथ-साथ बीएल संतोष, संबित पात्रा और मणिपुर भाजपा अध्यक्ष शारदा देवी भी उपस्थित थीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें