
हैदराबाद : तेलंगाना के विकाराबाद जिले में 11 नवंबर को सरकारी अधिकारियों पर हुए हमले के आरोपी एक किसान को बृहस्पतिवार को हथकड़ी लगाकर अस्पताल ले जाये जाने की मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कड़ी आलोचना की है। घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने पूछा कि हीरया नाइक को हथकड़ी लगाकर अस्पताल क्यों ले जाया गया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने इस घटना को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार की आलोचना की तथा अस्वस्थ किसान को हथकड़ी लगाकर अस्पताल ले जाने को अमानवीय बताया। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के कोडंगल विधानसभा क्षेत्र के लागाचर्ला गांव में भूमि अधिग्रहण पर सार्वजनिक सुनवाई के दौरान सरकारी अधिकारियों पर हमले के आरोप में 25 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
संगारेड्डी जिले के पुलिस अधीक्षक मामले की कर रहे हैं जांच
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि संगारेड्डी जिले के केंद्रीय कारागार में बंद नाइक ने सीने में दर्द की शिकायत की जिसके बाद बृहस्पतिवार को उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया। कुछ स्थानीय टीवी चैनल पर एक वीडियो प्रसारित किया गया जिसमें जब नाइक को अस्पताल ले जाया जा रहा था उस दौरान उसके हथकड़ी लगी हुई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और संगारेड्डी जिले के पुलिस अधीक्षक मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति को देखते हुए दो कांस्टेबल उसे अस्पताल ले गए। यह जांच की जाएगी कि उसे हथकड़ी लगाने का फैसला उन दो कांस्टेबल ने लिया था या जेल अधिकारियों ने।