Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

कर्नाटक में पंचमसाली समुदाय का आंदोलन हुआ तेज

December 12, 2024

कर्नाटक में पंचमसाली समुदाय का आंदोलन हुआ तेज

बेलगावी : कर्नाटक में अन्य पिछड़ी जातियों (ओबीसी) की 2ए श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग को लेकर पंचमसाली लिंगायत समुदाय का विरोध प्रदर्शन बृहस्पतिवार को तेज हो गया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी आंदोलन को समर्थन दे दिया है। कुडलसंगम पंचमसाली मठ के स्वामी बसव जयमृत्युंजय के नेतृत्व में पंचमसाली लिंगायत समुदाय को 2ए श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग की जा रही है, जिससे उन्हें सरकारी नौकरियों और शिक्षा संस्थानों में प्रवेश पर 15 प्रतिशत आरक्षण मिल सके। वर्तमान में समुदाय 3बी श्रेणी में है और उसे पांच प्रतिशत आरक्षण मिल रहा है। पुलिस ने मंगलवार को आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज किया जिसकी भाजपा सहित विभिन्न वर्गों ने आलोचना की। कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने बेलगावी में सुवर्ण विधान सुधा के पास बी. आर. आंबेडकर की प्रतिमा के सामने पुलिस की ज्यादती के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

आरक्षण की मांग की तो सरकार ने लाठीचार्ज कर जवाब दिया : अशोक
विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलवाडी नारायणस्वामी, भाजपा के प्रदेश प्रमुख बी. वाई. विजयेंद्र और कई विधायक एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) भी अशोक के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। इस अवसर पर अशोक ने कहा कि जब पंचमसाली लिंगायतों ने 2ए श्रेणी के तहत आरक्षण की मांग की तो सरकार ने लाठीचार्ज कर जवाब दिया। पंचमसाली मठ के स्वामी ने पुणो-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग-4 पर बेलगावी के हीरेबागेवाड़ी में टोल प्लाजा के पास प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री को ‘लिंगायत विरोधी’ बताते हुए नारेबाजी की। सड़क जाम होने के कारण तीन एंबुलेंस समेत कई वाहन जाम में फंस गए। पुलिस द्वारा स्वामी से अनुरोध करने के बाद जाम दूर हुआ। हुबली में प्रेसिडेंट होटल र्सिकल पर आंदोलनकारियों ने एक दूसरे का हाथ पकड़कर श्रृंखला बनाई और सड़क को अवरुद्ध करने के लिए टायरों में आग लगा दी। इस बीच कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें