पटियाला : पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों में शनिवार को पुनर्मतदान हुआ। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद करवाए पुनर्मतदान की पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा निगरानी की गई। पिछली बार चुनाव के दौरान हिंसा और पुलिस की कथित पक्षपातपूर्ण भूमिका को लेकर विपक्षी उम्मीदवारों द्वारा उठाए सवालों के बाद यह कदम उठाया गया है। इस दौरान 42.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
पंजाब राज्य चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त चुनाव ऑब्जर्वर एवं वरिष्ठ आई.ए.एस. अधिकारी डॉ. सेनू दुग्गल, उपायुक्त-कम-जिला चुनाव अधिकारी हिमांशु जैन, एस.एस.पी. हरमंदीप हांस, नोडल अधिकारी-कम-अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास)-कम-अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी सुनील फोगाट, एस.पी. मोहित अग्रवाल तथा संबंधित रिटनिंर्ग अधिकारियों ने विभिन्न पोलिंग बूथों का दौरा कर चुनाव प्रक्रिया का जायजा लिया।
चुनाव ऑब्जर्वर डॉ. सेनू दुग्गल तथा उपायुक्त हिमांशु जैन ने पोलिंग स्टेशनों के दौरे के दौरान चुनाव कर्मचारियों, मतदाताओं तथा उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंटों से बातचीत की। उन्होंने चुनाव प्रबंधों एवं मतदान प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त करते कहा कि उनके दौरे के दौरान किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई और राज्य चुनाव आयोग के नेतृत्व में समूची प्रक्रिया सुचारू ढंग से चल रही थी।
उपायुक्त ने बताया कि माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश द्वारा जारी आदेशों के अनुसार इन चुनावों के लिए गठित मॉनिटरिंग कमेटी भी मतदान प्रक्रिया के दौरान मौजूद रही और पूरी प्रक्रिया उसकी निगरानी में संपन्न हुई। मतदाताओं ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए चुनाव अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
ए.डी.सी. सुनील फोगाट ने बताया कि नगर निगम के जिन 30 वार्डों में उपचुनाव हुए, उनमें वार्ड नंबर 1, 4, 6, 12, 14, 15, 16, 22, 26, 29, 32, 33, 34, 36, 37, 38, 40, 41, 43, 44, 45, 46, 48, 50, 51, 52, 53, 55, 57 और 58 शामिल हैं। इन वार्डों में कुल 123 पोलिंग बूथों पर मतदान करवाया गया। उन्होंने बताया कि इन चुनावों के लिए कुल 1,49,768 मतदाताओं में 77,419 पुरुष, 72,338 महिलाएं तथा 11 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे, जिनमें से 42.48 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस दौरान रिटनिंर्ग अधिकारी-कम-ए.एम.डी., पी.आर.टी.सी. इंदरपाल सिंह, सहायक रिटनिंर्ग अधिकारी-कम-कार्यकारी इंजीनियर लोक निर्माण विभाग हरप्रीत सिंह कटारिया, डिप्टी कमिश्नर आबकारी (डिस्टिलरी)-कम-रिटनिंर्ग अधिकारी खुशदिल सिंह तथा सहायक रिटनिंर्ग अधिकारी-कम-कार्यकारी इंजीनियर लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) वनीत सिंगला ने भी विभिन्न वार्डों के पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। इसके अलावा शहर के डीएसपी सिटी-1 एवं डी.एस.पी. सिटी-2 सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी पोलिंग स्टेशनों पर सुरक्षा प्रबंधों एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।