Last Updated: November 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

लोगों की सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए बठिंडा ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई

November 28, 2026

लोगों की सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए बठिंडा ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई

बठिंडा : यातायात को सुचारू बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बठिंडा पुलिस की मुख्य प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के तहत एस.एस.पी. सुहेल कासिम मीर (आई.पी.एस.) के दिशा-निर्देशों पर बठिंडा ट्रैफिक पुलिस द्वारा जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार विशेष चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है।गोनियाना मेन रोड पर तिकोनी (तीन कोणी) बठिंडा के नजदीक पार्किंग एरिया से बाहर गाड़ियां खड़ी करने के कारण यातायात में रुकावट पैदा हो रही थी।

इस तरह की गलत पार्किंग से आम वाहन चालकों के साथ-साथ एंबुलैंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी गुजरने में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आज ट्रैफिक इंचार्ज बठिंडा मेजर सिंह के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस की टीम द्वारा गोनियाना मेन रोड पर विशेष चैकिंग की गई। इस दौरान पार्किंग एरिया से बाहर गलत ढंग से खड़ी गाड़ियों की जांच करते हुए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाली कुल 16 गाड़ियों के चालान किए गए।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए ट्रैफिक इंचार्ज बठिंडा मेजर सिंह ने बताया कि गोनियाना मेन रोड पर गलत पार्किंग के कारण यातायात में लगातार बाधा आ रही थी। पुलिस द्वारा पहले भी वाहन चालकों को कई बार समझाया गया और निर्धारित पार्किंग एरिया में ही गाड़ियां खड़ी करने की अपील की गई थी। इस संबंध में सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाता रहा है। लेकिन बार-बार समझाने के बावजूद समस्या जारी रहने के कारण आज नियमों के अनुसार 16 गाड़ियों के चालान किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा ऐसा चैकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस का मकसद केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पैदा करना और सड़कों पर अनुशासन बनाए रखना है। बठिंडा ट्रैफिक पुलिस द्वारा आम लोगों से अपील की जाती है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, सड़कों पर अनावश्यक रुकावट पैदा करने से बचें और यातायात नियमों का पालन करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें