चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने 2023 मानसून सीजन के दौरान धान की सीधी बुआई (डीएसआर) करने वाले 17,007 किसानों के बैंक खातों में 19.83 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए हैं।
पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुडियन ने बताया कि वर्ष 2023-24 के दौरान कुल 19,114 किसानों ने 1,72,049 एकड़ जमीन का पंजीकरण डीएसआर पोर्टल पर कराया था। संबंधित जिला अधिकारियों द्वारा सत्यापन के बाद, डीएसआर के तहत कुल 18,931 किसानों और 1,33,745.67 एकड़ भूमि का सत्यापन किया गया है।
गुरमीत सिंह खुडियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार भूजल बचाने के लिए किसानों को डीएसआर पद्धति अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। चालू वर्ष (2023-24) के दौरान राज्य सरकार ने धान की सीधी बुआई करने वाले किसानों को 1500 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन देने की घोषणा की थी। अब यह राशि सीधे लाभार्थी किसानों के खातों में स्थानांतरित कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि सत्यापन के बाद लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में कुल 19.83 करोड़ रुपये का भुगतान सफलतापूर्वक किया जा चुका है. इस प्रकार, किसानों को 98.8 प्रतिशत राशि का भुगतान किया जा चुका है और शेष राशि भी जल्द ही हस्तांतरित कर दी जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...