Site icon Dainik Savera Times

पत्नी के साथ जिम में वर्कआउट करते 23 वर्षीय युवक की मौत, 5 महीने पहले ही हुई थी शादी

Mohali Gym Death

Mohali Gym Death

मोहाली: पंजाब के मोहाली से एक दुखद घटना सामने आई है। फेज-3बी2 स्थित एक जिम में वर्कआउट के दौरान 23 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान मुकेश के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ के सेक्टर-56 का रहने वाला था। वह बुधवार को भी अपनी पत्नी संध्या और दोस्त अमन के साथ फेज-3B2 में फिट एक्सपो जिम में वर्कआउट करने गया था। वर्कआउट के दौरान अचानक उसे चक्कर आने लगे। कुछ ही देर बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

जिम में मौजूद लोगों और उसके दोस्तों ने बिना देर किए उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उसकी मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद परिवार और जिम में मौजूद लोगों के बीच शोक का माहौल है।

बुधवार शाम पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवक का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही परिवार और पुलिस दोनों पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि युवक की मौत किन कारणों से हुई।

पांच महीने पहले ही हुई थी शादी

बताया जा रहा है कि मुकेश की शादी करीब 5 महीने पहले हुई थी। मुकेश और संध्या ने इसी साल जनवरी में लव मैरिज की थी। अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। पत्नी और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुकेश का एक भाई और चार बहनें हैं। उसका भाई बड़ा है और एक बड़ी बहन विदेश में रहती है। मुकेश भी विदेश जाने की तैयारी कर रहा था।

वर्कआउट के दौरान क्यों बिगड़ती है तबीयत?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि व्यायाम के दौरान अचानक तबीयत खराब होने के कई कारण हो सकते हैं। इनमें पहले से मौजूद लेकिन अनजान हृदय रोग, जरूरत से ज्यादा शारीरिक मेहनत, शरीर में पानी की कमी, पर्याप्त नींद न लेना, बहुत अधिक तीव्रता वाली एक्सरसाइज, अनियंत्रित ब्लड प्रेशर या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज करना शामिल है।

विशेषज्ञ यह भी बताते हैं कि बिना डॉक्टर की सलाह के स्टेरॉयड या अधिक मात्रा में सप्लीमेंट्स का सेवन भी शरीर के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। हालांकि, मुकेश की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version