पंजाब डेस्क: जालंधर के हजारों परिवारों को पंजाब सरकार की ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत बड़ी राहत मिली है। बता दें कि नकोदर ब्लॉक के 2813 परिवारों को उनके घरों के प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए गए हैं। इन कार्डों के मिलने से परिवारों को अपने घरों पर कानूनी मालिकाना हक का दस्तावेज मिल गया है।
इस योजना के तहत विधायक बीबी इंद्रजीत कौर मान ने अलग-अलग गांवों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान लाभार्थियों को प्रॉपर्टी कार्ड सौंपे। सरकार की इस पहल का उद्देश्य उन लोगों को उनके घरों का कानूनी अधिकार देना है, जो लंबे समय से लाल लकीर के भीतर बने मकानों में रह रहे हैं।
क्या है ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना?
पंजाब सरकार की ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत गांवों और शहरों में लाल लकीर के अंदर बने मकानों में रहने वाले लोगों को कानूनी मालिकाना हक देने का प्रयास किया जा रहा है।
दरअसल, लाल लकीर के भीतर रहने वाले कई परिवारों के पास अपने मकानों का पक्का मालिकाना दस्तावेज नहीं था। इस वजह से उन्हें बैंक से लोन लेने और कई सरकारी व निजी कामों में परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
विधायक इंद्रजीत कौर मान ने कही ये बात
कार्यक्रम के दौरान विधायक बीबी इंद्रजीत कौर मान ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोगों को उनके घरों का मालिकाना हक दिलाने के लिए गांव-गांव पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि पहले लाल लकीर के भीतर रहने वाले लोगों के पास अपने घरों के मालिकाना हक का पक्का प्रमाण नहीं होता था। इसके चलते उन्हें कई तरह की आर्थिक और प्रशासनिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
ये भी पढ़ें…
कार्यक्रम में ये अधिकारी और नेता रहे मौजूद
प्रॉपर्टी कार्ड वितरण कार्यक्रम में कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। इस दौरान जिला परिषद चेयरमैन दर्शन सिंह टाहली, नकोदर ब्लॉक समिति के चेयरमैन चरणजीत सिंह, तहसीलदार गुरप्रीत सिंह और नायब तहसीलदार बलजोत सिंह मौजूद रहे।
इसके अलावा कानूनगो और पटवारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।