लुधियाना: कालेज से वापस लौट रहे पी.सी.टी.ई. कालेज, बद्दोवाल के छात्रों की बाइक पी.ए.यू. के सामने एलिवेटिड रोड पर बैक हो रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार बी.टैक. (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके 2 साथी गंभीर घायल हो गए। मृतक की पहचान भामियां के रहने वाले ईशप्रीत सिंह के रूप में हुई है। घायलों को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर थाना सराभा नगर की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में पहुंचाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह हादसा मंगलवार शाम तकरीबन 5 बजे एलिवेटिड रोड पर पी.ए.यू. के गेट नंबर 1 और 2 के बीच हुआ। प्रत्यक्षदíशयों के मुताबिक हरियाणा नंबर का ट्रक एलिवेटिड रोड पर बैक हो रहा था, तभी पीछे से ट्रिपलिंग कर आ रहे छात्रों की बाइक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में ईशप्रीत की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाकी 2 घायल हो गए। हादसे के बाद पीछे से आ रहे कालेज के छात्रों ने ही लोगों की मदद से घायलों को रघुनाथ अस्पताल में भर्ती कराया। एक कालेज छात्र ने बताया कि तीनों छात्र बाइक पर आ रहे थे। ट्रक बैक हो रहा था। उनकी बाइक ट्रक से जा टकराई। मौके पर ही ईशप्रीत की मौत हो गई। लोगों का कहना है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।