Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

55 साल पुराने गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम की हालत बदहाल, जगह-जगह फैली गंदगी और घास

November 13, 2026

55 साल पुराने गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम की हालत बदहाल, जगह-जगह फैली गंदगी और घास

शहर के 55 साल पुराने गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। वर्ष 1971 में उद्घाटन किए गए इस स्टेडियम में करीब 22 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। यहां फुटबॉल, हॉकी सहित कई प्रमुख खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा है। लेकिन आज स्टेडियम में सफाई और रखरखाव के उचित प्रबंध नहीं हैं। जानकारी के अनुसार, स्टेडियम की देखभाल के लिए केवल एक कर्मचारी मौजूद है।

इस दौरान कांग्रेस नेता एवं प्रवक्ता जगदीप सिंह सोनू ने स्टेडियम की बदहाली पर चिंता जताते हुए कहा कि इस मैदान से कई खिलाड़ियों ने अभ्यास कर पंजाब और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के दौड़ने वाले ट्रैक पर करीब दो-दो फीट तक घास उगी हुई है। बाथरूम का सामान टूटा पड़ा है और सफाई व्यवस्था भी बेहद खराब है। स्टेडियम की सीलिंग पर दरारें दिखाई दे रही हैं, जिससे कभी भी हादसा होने का खतरा बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि पहले यहां पावर लिफ्टिंग और वेट लिफ्टिंग के करीब 125 खिलाड़ी अभ्यास करते थे, लेकिन कोचों की कमी के कारण अब इनकी संख्या घटकर 15 से 20 रह गई है। उन्होंने रणजीत सिंह देओल का उदाहरण देते हुए कहा कि इस स्टेडियम ने कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं।

जगदीप सिंह सोनू ने प्रशासन से पुराने स्टेडियम के रखरखाव, सफाई व्यवस्था और इनडोर सुविधाओं में सुधार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जालंधर खेलों के सामान के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है, इसलिए नए स्टेडियमों के साथ पुराने स्टेडियम की ओर भी ध्यान देना जरूरी है।

📍 Location: जालंधर गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम (जालंधर)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें