
पटियाला : महिलाओं की सुरक्षा और सहायता सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसपी हैडक्वार्टर वैभव चौधरी ने महिला सहायता डैस्क के लिए 6 इलैक्ट्रिक स्कूटरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये ई-स्कूटर स्पैशल डीजीपी कम्युनिटी अफेयर्स डिवीजन (सीएडी) एवं महिला मामलों के विभाग की पहल के तहत उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इन इलैक्ट्रिक स्कूटरों के माध्यम से महिला पुलिस कर्मियों की गतिशीलता बढ़ेगी और वे महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर पहले से अधिक तेजी से प्रतिक्रिया दे सकेंगी। विशेष रूप से महिला सहायता डैस्क और महिला मित्र कार्यक्रमों से जुड़ी पुलिसकर्मियों को इसका लाभ मिलेगा, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी पहुंच मजबूत होगी।
अधिकारियों के अनुसार, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए पंजाब पुलिस लगातार नई तकनीकों और संसाधनों को अपनाने पर जोर दे रही है। इलैक्ट्रिक स्कूटर न केवल ईंधन की बचत करेंगे बल्कि प्रदूषण कम करने में भी योगदान देंगे। पुलिस विभाग का मानना है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण होती है। इन ई-स्कूटरों के जरिए महिला पुलिस कर्मी शिकायतकर्त्ता तक शीघ्र पहुंच सकेंगी, जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगी तथा जरूरतमंद महिलाओं को समय पर सहायता प्रदान कर सकेंगी।