Last Updated: November 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

28 नवंबर को होगा मतदान, प्रशासन ने किए पुख्ता प्रबंध

November 21, 2026

28 नवंबर को होगा मतदान, प्रशासन ने किए पुख्ता प्रबंध

92 Candidates in Fray for 22 Municipal Council Wards : मोगा। पंजाब राज्य चुनाव आयोग, चंडीगढ़ के दिशा-निर्देशों के तहत जिला मोगा की नगर कौंसिल बाघापुराना और धर्मकोट के विभिन्न वार्डों में होने वाले चुनाव को लेकर चुनावी तस्वीर साफ हो गई है।

दोनों नगर कौंसिलों के कुल 22 वार्डों में होने वाले चुनाव के लिए 92 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन वार्डों के लिए 28 नवंबर 2026 को मतदान करवाया जाएगा। उम्मीदवारों की संख्या सामने आने के बाद दोनों शहरों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और अब सभी प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने बताया कि नगर कौंसिल बाघापुराना के वार्ड नंबर 1 से लेकर 15 तक तथा नगर कौंसिल धर्मकोट के वार्ड नंबर 1, 2, 3, 4, 7, 9 और 13 में चुनाव करवाए जा रहे हैं।

दोनों नगर कौंसिलों में कुल 92 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें नगर कौंसिल बाघापुराना से 62 उम्मीदवार और नगर कौंसिल धर्मकोट से 30 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न करवाने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पंजाब राज्य चुनाव आयोग की हिदायतों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाना है, ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी दबाव या भय के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने बाघापुराना और धर्मकोट के समस्त मतदाताओं से अपील की कि वे 28 नवंबर को मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने वोट के अधिकार का अवश्य इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें